बेगूसराय में एयरटेल पेमेंट्स बैंक में 124 पदों पर भर्ती, 22 जून को इन दस्तावेजों संग पहुंचें जॉब कैंप

बेगूसराय में 22 जून को जॉब कैंप के जरिए एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिमिटेड में कुल 124 पदों पर सीधी भर्ती होगी। 18 से 32 साल के 12वीं पास युवा सीधे इंटरव्यू के आधार पर चुने जाएंगे।

बिहार के बेगूसराय में रहने वाले और बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला नियोजन पदाधिकारी राणा अमितेश की पहल पर एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिमिटेड में नौकरी पाने का अवसर सामने आया है। इसके लिए जिला नियोजनालय, बेगूसराय में 22 जून को एक जॉब कैंप लगाया जाएगा, जहां अभ्यर्थियों का चयन सीधे इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा।

इस भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह की लिखित परीक्षा नहीं होगी। 12वीं पास युवा इसमें हिस्सा लेकर बैंकिंग सेक्टर में अपने करियर की शुरुआत कर सकते हैं। यह कैंप सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।

कुल 124 पदों पर होगी नियुक्ति

जिला नियोजन पदाधिकारी राणा अमितेश ने जानकारी देते हुए बताया कि एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिमिटेड की ओर से कुल 124 पदों पर भर्ती की जानी है। इनमें मर्चेंट एग्जीक्यूटिव के 100 पद, टीम लीडर के 4 पद और प्रमोटर के 20 पद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सभी योग्य अभ्यर्थियों का चयन इंटरव्यू के आधार पर ही किया जाएगा।

वेतन और मिलने वाली सुविधाएं

जिला नियोजन पदाधिकारी के अनुसार, मर्चेंट एग्जीक्यूटिव पद पर चुने गए अभ्यर्थियों को हर महीने 14 हजार रुपये वेतन मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें PF, ESI, मेडिकल सुविधा और इंसेंटिव का लाभ भी दिया जाएगा।

वहीं, टीम लीडर पद के लिए मासिक वेतन 25 हजार रुपये तय किया गया है। प्रमोटर पद पर चयनित होने वालों को 12,500 रुपये प्रतिमाह वेतन के अलावा PF, ESI, मेडिकल सुविधा और इंसेंटिव की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

योग्यता और आयु सीमा

इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का कम से कम 12वीं पास होना जरूरी है। उम्मीदवारों की आयु 18 वर्ष से 32 वर्ष के बीच होनी चाहिए। नियम और शर्तों के मुताबिक इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए नेशनल करियर सर्विस पोर्टल (NCS) पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है।

ये दस्तावेज साथ लेकर आएं

जॉब कैंप में शामिल होते समय उम्मीदवारों को अपना बायोडाटा, आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अंक पत्र की प्रतियां तथा दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाने होंगे। जिला नियोजनालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर समय से पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में भाग लें।

https://hindi.news18.com/news/career/jobs-direct-recruitment-for-124-posts-airtel-payments-bank-job-news-local18-ws-l-10578956.html