अमेठी शिक्षा विभाग में 7 करोड़ का घोटाला: सीबीआई की 8 टीमों ने अमेठी समेत कई जिलों में डाला छापा

अमेठी के बेसिक शिक्षा विभाग में सात करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले की जांच में सीबीआई ने बुधवार को कार्रवाई तेज कर दी। हाईकोर्ट के निर्देश पर मामला टेकओवर करने के बाद आठ टीमों ने अमेठी, लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में छापेमारी की।

शिक्षा विभाग के घोटाले पर सीबीआई की बड़ी कार्रवाई

अमेठी के बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखा विभाग में हुए सात करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले को लेकर सीबीआई हरकत में आ गई है। बुधवार को जांच एजेंसी ने एक साथ कई जिलों में छापेमारी की और मामले से जुड़े लोगों से गहन पूछताछ की। हाईकोर्ट के निर्देश मिलने के बाद सीबीआई की आठ टीमें अमेठी पहुंचीं और जिले के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर आरोपियों से सवाल-जवाब किए।

आठ टीमों ने अमेठी में खंगाले ठिकाने

जांच के सिलसिले में सीबीआई की आठ टीमें बुधवार को अमेठी पहुंचीं और लोधवरिया तथा पूरे यदुराम पांडेय समेत कुल आठ ठिकानों पर दबिश दी। इन जगहों पर पहुंचकर टीम ने मामले में संलिप्त लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा सीबीआई की एक टीम गौरीगंज कोतवाली भी पहुंची, जहां एसएचओ से पूरे प्रकरण की विस्तार से जानकारी ली गई।

कई जिलों तक फैली छापेमारी

यह कार्रवाई सिर्फ अमेठी तक सीमित नहीं रही। इसी मामले को लेकर सीबीआई की दूसरी टीमों ने राजधानी लखनऊ, प्रतापगढ़, कुशीनगर और अयोध्या में भी छापेमारी की। पूरी कार्रवाई सीबीआई की डीआईजी शिवानी तिवारी के नेतृत्व में अंजाम दी जा रही है।

कैसे सामने आया घोटाला

दरअसल, अमेठी के बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखा विभाग में सात करोड़ रुपए से अधिक की गड़बड़ी हुई थी। विभाग में तैनात कर्मचारियों ने बड़े पैमाने पर पैसों की हेराफेरी की और कई शिक्षकों के खातों में रकम भेज दी गई। मामला उजागर होने पर लेखाधिकारी की तहरीर पर गौरीगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था।

हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने संभाली जांच

हाईकोर्ट के निर्देश के बाद हाल ही में इस पूरे प्रकरण को सीबीआई ने अपने हाथ में ले लिया। एजेंसी ने नए सिरे से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और इसी क्रम में प्रदेश के कई जिलों में छापेमारी की गई है।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/amethi-rs-7-crore-scam-in-amethis-basic-shiksha-vibhag-cbi-raids-in-amethi-lucknow-and-other-places-10578273.html