पंजाबी गायक एपी ढिल्लों के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में अहम कार्रवाई सामने आई है। कनाडा के इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड (IRB) ने भारतीय नागरिक अभिजीत किंगरा को देश से बाहर निकालने का आदेश जारी किया है। बोर्ड ने अपने फैसले में कहा कि किंगरा लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है, जिसे एक संगठित आपराधिक गिरोह बताया गया है। यह गिरोह हत्या, जबरन वसूली, गोलीबारी, आगजनी और धमकाने जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है।
स्टूडेंट वीजा पर पहुंचा था कनाडा
अभिजीत किंगरा स्टूडेंट वीजा के आधार पर कनाडा पहुंचा था। IRB की पड़ताल में सामने आया कि उसने ब्रिटिश कोलंबिया में भी एक गोलीबारी की वारदात में हिस्सा लिया था, जिसमें कुल 14 राउंड फायर किए गए थे। बोर्ड के अनुसार, उसके एक साथी ने मालिक की गाड़ियों को आग के हवाले भी कर दिया था। इसके अलावा किंगरा और उसके कथित साथी पर ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में हुई एक और इसी प्रकार की घटना को लेकर भी आरोप दर्ज हैं।
संगठित अपराध के खिलाफ अभियान
देश से निकासी की यह कार्रवाई कनाडा सरकार की ओर से संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (CBSA) के मुताबिक, पूरे देश में संगठित अपराध से जुड़े 400 से ज्यादा मामलों की जांच शुरू की जा चुकी है। इस जांच के तहत अब तक 55 संदिग्धों को देश से बाहर किया जा चुका है।
अदालत में पहले ही साबित हो चुकी सदस्यता
IRB के सदस्य अजीम लालजी ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि ब्रिटिश कोलंबिया की अदालत पहले ही यह प्रमाणित कर चुकी है कि अभिजीत किंगरा बिश्नोई गैंग का सदस्य है। फैसले में कहा गया कि यह गिरोह हत्या, गोलीबारी, आगजनी, जबरन वसूली और धमकी जैसे संगीन अपराधों में लिप्त रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि ब्रिटिश कोलंबिया, अल्बर्टा और ओंटारियो में इस गैंग से जुड़े जबरन वसूली के मामलों में इजाफा हुआ है, जिससे कानून व्यवस्था से जुड़ी एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
आरोपी ने मानी गोलीबारी की बात
सुनवाई के दौरान अभिजीत किंगरा ने दावा किया कि गायक एपी ढिल्लों के घर पर हमला करने के लिए उसे 2 सितंबर 2024 को 4000 कैनेडियन डॉलर (ढाई लाख रुपए से ज्यादा) दिए गए थे। उसने बोर्ड के सामने कहा कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह बिश्नोई गैंग के लिए काम कर रहा है, और उसने यह काम सिर्फ अपने परिवार की आर्थिक मदद के मकसद से स्वीकार किया था।
हालांकि, CBSA अधिकारी जसबीर संधू ने इस दलील को खारिज करते हुए तर्क दिया कि ढिल्लों के घर पर हुआ यह हमला जबरन वसूली से जुड़ा मामला नहीं था, बल्कि यह बिश्नोई गैंग की ताकत और प्रभाव का प्रदर्शन करने की कोशिश थी।
https://hindi.news18.com/news/entertainment/viral-social-ap-dhillon-house-firing-case-accused-abhijit-kingara-linked-to-lawrence-bishnoi-gang-sentenced-to-deportation-from-canada-opened-fire-for-4000-dollar-10577903.html