गोविंदा के बेटे यशवर्धन में दिखती है धर्मेंद्र-अमिताभ की झलक, सुनीता ने खोला राज़, प्रेग्नेंसी में किए थे ये 2 काम

सुनीता आहूजा ने बताया कि उनके बेटे यशवर्धन की पर्सनैलिटी अमिताभ बच्चन और शक्ल धर्मेंद्र से मिलती है, जिसकी वजह उन्होंने अपनी गर्भावस्था से जोड़ी है। यशवर्धन जल्द ही साजिद खान की फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखने वाले हैं।

एक्ट्रेस सुनीता आहूजा इन दिनों कुकिंग रियलिटी शो 'मां है न' में दिखाई दे रही हैं। कुछ समय पहले वह कान्स के रेड कार्पेट पर चलने को लेकर चर्चा में रही थीं। अब उन्होंने अपने बेटे यशवर्धन आहूजा को लेकर दिलचस्प बातें साझा की हैं। यशवर्धन जल्द ही बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं और सुनीता का मानना है कि उनका बेटा अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र जैसा नजर आता है।

प्रेग्नेंसी से जुड़ा है यह राज़

गोविंदा और सुनीता आहूजा के बेटे यशवर्धन आहूजा साजिद खान की फिल्म से अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने वाले हैं। बेटे के डेब्यू से पहले सुनीता ने बताया कि यशवर्धन की पर्सनैलिटी उनके पिता गोविंदा से नहीं, बल्कि अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र से मिलती-जुलती है। इसके पीछे उन्होंने अपनी गर्भावस्था का एक किस्सा भी सुनाया।

मैशेबल इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सुनीता ने बताया कि जब वह प्रेग्नेंट थीं, तब वह अक्सर अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र की तस्वीरें देखा करती थीं। आज उन्हें लगता है कि उनके बेटे में इन दोनों दिग्गज सितारों की झलक दिखाई देती है।

सुनीता ने क्या कहा

सुनीता आहूजा ने कहा, "यशवर्धन में अमित जी की पर्सनैलिटी और धरम जी की शक्ल है।" यशवर्धन के जन्म से पहले के दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन हमेशा से उनके पसंदीदा अभिनेता रहे हैं।

मेरे फेवरिट हीरो हैं वो। मेरा बेटा जब पेट में था तो मैंने दो ही लोगों का फोटो देखा था, एक धरम जी, अमित जी। यशवर्धन की पर्सनैलिटी अमित जी जैसी हो गई है और शक्ल धरम जी जैसी, मैं बहुत खुश हूं।

सुनीता ने गर्भावस्था से जुड़ी पुरानी मान्यताओं को भी याद किया। उन्होंने कहा, "हमें कहा जाता था कि रामायण देखो क्योंकि बच्चा मां के पेट में सुनता है। तो मेरी मां जब भी ग्रहण होता था, टीवी पर रामायण लगा देती थीं। लेकिन आज के बच्चे ये सब नहीं सुनेंगे।"

साजिद खान की फिल्म से डेब्यू

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यशवर्धन निर्देशक साजिद खान की फिल्म से एक्टिंग में कदम रखने जा रहे हैं। फिलहाल इस फिल्म का नाम '100' बताया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट में नितांशी गोयल भी नजर आएंगी और फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है। खबरों के अनुसार, मेकर्स ने मुंबई की फिल्म सिटी में 23 जनवरी को शूटिंग शुरू की थी। इस फिल्म को साजिद खान की निर्देशन में वापसी के तौर पर भी देखा जा रहा है।

आसान नहीं रही इंडस्ट्री में एंट्री

सुनीता ने बताया कि पहली फिल्म मिलने से पहले यशवर्धन ने 90 से ज्यादा ऑडिशन दिए। एक पॉपुलर स्टार का बेटा होने के बावजूद उनके लिए इंडस्ट्री में जगह बनाना आसान नहीं था। कैमरे के सामने आने से पहले यशवर्धन ने पर्दे के पीछे भी काम किया। उन्होंने 'ढिशूम' और 'बागी' जैसी फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया।

वायरल वीडियो से आए चर्चा में

हाल ही में यशवर्धन आहूजा तब सुर्खियों में आए जब रशा ठडानी के साथ गोविंदा के हिट गाने 'आंखियों से गोली मारे' पर डांस करते हुए उनका एक वीडियो वायरल हो गया। इस क्लिप को दर्शकों ने खूब पसंद किया और कई लोगों ने उनके एक्सप्रेशन्स और डांसिंग स्किल्स की जमकर तारीफ की।

https://hindi.news18.com/photogallery/entertainment/bollywood-govinda-son-look-like-dharmendra-amitabh-bachchan-sunita-ahuja-reveals-says-during-her-pregnancy-she-ofter-seen-photos-of-these-superstar-10577493.html