शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'कॉकटेल 2' इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है। इस रोमांटिक-ड्रामा के सिनेमाघरों में पहुंचने में अब केवल एक दिन का फासला रह गया है। 19 जून को रिलीज होने जा रही इस फिल्म को सेंसर बोर्ड की मंजूरी भी मिल चुकी है। दर्शकों के लिए राहत भरी बात यह है कि सीबीएफसी ने फिल्म के किसी भी दृश्य को नहीं काटा है, यानी सभी इंटीमेट और रोमांटिक सीन ज्यों के त्यों बरकरार हैं। हालांकि बोर्ड ने मेकर्स से कुछ ऑडियो स्तर के बदलाव करने को कहा है। इसके साथ ही सबटाइटल में दिखे अपशब्दों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं और 'अग्नि' शब्द को बदलकर 'दीया' कर दिया गया है।
'कॉकटेल 2' को मिला 'ए' सर्टिफिकेट
16 जून को सीबीएफसी ने 'कॉकटेल 2' को 'ए' सर्टिफिकेट देते हुए पास कर दिया। अगर फिल्म की लंबाई की बात करें तो यह 149.19 मिनट यानी 2 घंटे 29 मिनट 19 सेकेंड की है। सर्टिफिकेट के मुताबिक, फिल्म में 'ज्यू ऑन द रन' के उल्लेख को भी हरी झंडी दे दी गई है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह वाक्य किसी व्यक्ति, परिस्थिति या किस संदर्भ में इस्तेमाल हुआ है।
रिलीज डेट और कलाकार
'कॉकटेल 2' 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में कृति सेनन, रश्मिका मंदाना और शाहिद कपूर अहम किरदारों में नजर आएंगे। यह जहां शाहिद कपूर की पांचवीं 'एडल्ट ओनली' फिल्म है, वहीं 12 साल के करियर में कृति सेनन की यह पहली ऐसी फिल्म है जिसे 'ए' सर्टिफिकेट मिला है। रश्मिका के लिए यह दूसरी फिल्म है जिसे 'ए' सर्टिफिकेट हासिल हुआ है, इससे पहले रणबीर कपूर के साथ उनकी फिल्म 'एनिमल' को भी सीबीएफसी से 'ए' सर्टिफिकेट मिला था। वहीं शाहिद की 'कमीने', 'उड़ता पंजाब', 'कबीर सिंह' और 'ओ रोमियो' को भी 'ए' सर्टिफिकेट मिल चुका है। फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है।
2012 में आया था पहला पार्ट
'कॉकटेल' का पहला भाग साल 2012 में रिलीज हुआ था, जिसमें सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में थे। 'कॉकटेल 2' की तरह इस फिल्म का निर्देशन भी होमी अदजानिया ने ही किया था। पहले पार्ट में दीपिका पादुकोण ने वेरोनिका नाम की एक मॉडर्न लड़की का किरदार निभाया था, जो उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इस किरदार में दीपिका को दर्शकों ने खूब सराहा था।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/cocktail-2-gets-a-certificate-from-cbfs-no-cuts-on-romantic-scenes-agni-changed-to-diya-length-of-the-film-is-2-hours-29-minute-long-2026-06-17-1225600