खान सर ने जिसे RO बताकर किया था सम्मानित, वह निकला डाटा एंट्री ऑपरेटर; विपिन सर ने किया फर्जीवाड़े का खुलासा

खान सर ने अपनी कोचिंग में जिस अभ्यर्थी को रेवेन्यू ऑफिसर बताकर सम्मानित किया था, वह असल में एक डाटा एंट्री ऑपरेटर निकला। खान सर के मित्र विपिन सर ने वीडियो बनाकर इस बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है।

पटना से जुड़े एक मामले ने मशहूर शिक्षक खान सर की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। रौशन आनंद सर से हुए विवाद के बाद अब उनके अपने मित्र विपिन सर ने ही उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विपिन सर ने एक वीडियो जारी कर सनसनीखेज दावा किया है कि खान सर ने अपनी कोचिंग में जिस शख्स को रेवेन्यू ऑफिसर (RO) बताकर सम्मानित किया था, वह असल में एक डाटा एंट्री ऑपरेटर है।

कैसे शुरू हुआ पूरा मामला

दरअसल, 67वीं बीपीएससी का रिजल्ट आने के बाद खान सर ने सफल अभ्यर्थियों को अपनी कोचिंग में बुलाकर सम्मानित किया था। इसी दौरान अंकित यादव नाम के एक व्यक्ति को भी सम्मानित किया गया और बताया गया कि वे RO यानी रेवेन्यू ऑफिसर बने हैं। बाद में यह दावा पूरी तरह फर्जी साबित हुआ।

आरोप है कि अंकित ने अपने कथित पद का हवाला देकर कई लोगों को ठगा। उसने लोगों से पैसे वसूले और शादी का झांसा देकर लड़कियों का यौन शोषण भी किया। विपिन सर ने कई प्रमाणों के साथ इस पूरे फर्जीवाड़े को सामने रखा है।

कार किराये पर लेकर रची साजिश

विपिन सर के मुताबिक सितंबर 2024 में अंकित यादव खान सर की कोचिंग में आया था। उस समय विपिन सर के पड़ोस का छात्र पवन कुमार खान सर की ऑनलाइन क्लास कर रहा था और उसने भी अंकित को देखा था। कुछ महीनों बाद अंकित ने फेसबुक पर पवन को मैसेज कर जान-पहचान बढ़ाई और फिर उससे 3 महीने के लिए कार किराये पर ले ली।

एक दिन अंकित ने अचानक फोन कर बताया कि सहरसा में किसी बदमाश ने कट्टा दिखाकर कार छीन ली है। यह सुनकर पवन वैशाली से सहरसा पहुंचा, लेकिन वहां पहुंचकर सच्चाई जानकर वह दंग रह गया।

ब्लॉक में करता था डाटा एंट्री का काम

सहरसा पहुंचने पर पवन को पता चला कि अंकित कोई अधिकारी नहीं है, बल्कि किसी ब्लॉक में डाटा एंट्री का काम करता है और खुद को आरओ बताता था। वह जमीन से जुड़े कागजात ठीक कराने और नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करता था। साथ ही वह खान सर समेत कई बड़े लोगों से पहचान होने का हवाला भी देता था। किसी तरह पवन अपनी कार लेकर घर वापस लौटा।

बताया जा रहा है कि अंकित यादव ब्लॉक में अधिकारियों की कुर्सी पर बैठकर तस्वीरें खिंचवाता था और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लोगों को झांसा देता था।

यूट्यूब चैनल पर अब भी मौजूद वीडियो

विपिन सर ने अपने वीडियो में दावा किया है कि खान सर की कोचिंग में अंकित को सम्मानित करते हुए बनाया गया वीडियो आज भी खान सर के यूट्यूब चैनल पर मौजूद है।

https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-fake-ro-scam-controversy-around-khan-sir-now-friend-vipin-sir-opens-front-local18-ws-l-10577770.html