बागी सांसदों पर बरसे संजय राउत- 'कभी रिक्शे में घूमने की हैसियत नहीं थी, अब चार्टर्ड विमान में उड़ रहे'

शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने पार्टी छोड़ने वाले सांसदों पर एक्स के जरिए तीखा हमला बोला और 'ऑपरेशन टाइगर' पर तंज कसते हुए हिसाब चुकाने की चेतावनी दी।

महाराष्ट्र की सियासत में इन दिनों उथल-पुथल मची हुई है। उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (UBT) में बड़ी टूट के आसार बन गए हैं और मुंबई से लेकर दिल्ली तक पार्टी खेमे में हलचल तेज है। चर्चा है कि महाराष्ट्र में भी कुछ वैसा ही समीकरण बनता दिख रहा है जैसा बंगाल में देखा गया था। दिल्ली में उद्धव गुट के बागी सांसद एकनाथ शिंदे के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे से मुलाकात करने वाले हैं।

संजय राउत का तीखा हमला

इसी बीच शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने पार्टी से अलग हो रहे सांसदों पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इन सांसदों को आड़े हाथों लेते हुए तंज कसा और आने वाले समय के लिए चेतावनी भी दे दी।

राउत ने एक्स पर लिखा, 'नांदेड़ हवाई अड्डे पर एक चार्टर्ड विमान उतरता है। ऑपरेशन टाइगर के नाम पर दो सांसदों को लेकर उड़ जाता है। इनकी हैसियत कभी रिक्शे में घूमने की भी नहीं थी। लेकिन ठाकरे नाम की वजह से इनकी कीमत इतनी बढ़ गई कि अब निजी विमान से घूम रहे हैं। हर बात का हिसाब लिया जाएगा। डरपोक लोमड़ियों को भगा दिया गया। फिर खुद को टाइगर क्यों कहते हो?'

आज पूरा हो सकता है 'ऑपरेशन टाइगर'

बताया जा रहा है कि शिंदे गुट आज ही उद्धव सेना के खिलाफ 'ऑपरेशन टाइगर' को अंजाम देने की तैयारी में है। शिंदे से मुलाकात के बाद उद्धव गुट के सांसद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी मिलेंगे और उन्हें एक पत्र सौंपेंगे। सूत्रों के मुताबिक उद्धव खेमे के 9 सांसदों में से 6 सांसद बागी हो चुके हैं और वे शिंदे गुट का दामन थाम सकते हैं।

किन सांसदों के नाम चर्चा में

उद्धव ठाकरे की पार्टी के जिन सांसदों के पाला बदलने की चर्चा है, उनमें संजय दिना पाटिल, संजय देशमुख, नागेश पाटिल आष्टीकर, ओमप्रकाश राजे निंबालकर, भानुसाहेब वाकचौरे और संजय जाधव के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं। इनके अलावा नासिक सीट से सांसद राजाभाऊ वाजे का नाम भी शिंदे गुट से जुड़ने वालों की सूची में शामिल है।

https://www.indiatv.in/maharashtra/sanjay-raut-on-shiv-sena-ubt-rebel-mp-they-couldn-even-afford-a-rickshaw-ride-2026-06-17-1225587