मुजफ्फरपुर में मुठभेड़: फायरिंग और पीछा के बाद पुलिस के शिकंजे में कुख्यात अपराधी, हथियार और बाइक जब्त

मुजफ्फरपुर में वाहन जांच के दौरान भागते अपराधी अमित कुमार को पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली मारकर घायल किया और मौके पर ही दबोच लिया। वह प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का आरोपी था और घटना के बाद से फरार चल रहा था।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मंगलवार की देर रात पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड के आरोपी अमित कुमार को पुलिस ने गोली मारकर घायल कर दिया और तुरंत मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

वाहन जांच अभियान के दौरान हुई घटना

बेला और मुसहरी थाने की पुलिस संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक सवार अमित कुमार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन पुलिस को देखते ही उसने बाइक मोड़ी और भागने लगा। जब पुलिस टीम ने उसे चारों ओर से घेर लिया तो खुद को फंसता देख उसने पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग

अपराधी की गोली पुलिस की गाड़ी में लगी और पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली अमित कुमार सिंह के पैर में जा लगी। घायल होते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे वहीं दबोच लिया।

घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। इसके बाद वे एसकेएमसीएच भी गए और डॉक्टरों से आरोपी की स्थिति की जानकारी ली। चिकित्सकों के अनुसार आरोपी खतरे से बाहर है।

हत्याकांड के बाद से फरार था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले मुसहरी थाना क्षेत्र में जमीन कारोबारी अंकित रंजन उर्फ प्रभात मिश्रा की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस चर्चित हत्याकांड में अमित कुमार की संलिप्तता सामने आई थी और वह वारदात के बाद से फरार चल रहा था।

बाइक और अवैध हथियार बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से आरोपी की बाइक, अवैध हथियार और कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। अस्पताल में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और आरोपी के वार्ड के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि वाहन जांच के दौरान अपराधी भागने लगा था। पीछा करने पर उसने तीन राउंड फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने चेतावनी देते हुए आत्मरक्षा में गोली चलाई। एक अपराधी को गोली लगी, जबकि दूसरा फरार होने में कामयाब रहा।

रंगदारी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के दर्ज थे मामले

21 मई को मुशहरी में प्रॉपर्टी डीलर अमित रंजन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और इसी मामले में यह अपराधी वांछित था। इसके खिलाफ वैशाली जिले के महुआ थाने में रंगदारी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। मौके से एक पिस्टल और खोखा बरामद किया गया है तथा घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। पुलिस वाहन पर दो गोलियां लगी हैं। घायल अपराधी को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

https://www.indiatv.in/bihar/muzaffarpur-encounter-between-the-police-and-criminal-weapons-and-bike-recovered-2026-06-17-1225569