गर्मी का मौसम आते ही रसोई में एक आम परेशानी सिर उठाने लगती है और वह है हरी धनिया का जल्दी खराब हो जाना। बाजार से ताजी धनिया खरीदकर लाने के बाद हर कोई चाहता है कि वह कम से कम एक हफ्ते तक चले, लेकिन कई बार फ्रिज में रखने के बावजूद महज 2-3 दिन में ही पत्तियां पीली पड़ जाती हैं या गलने लगती हैं। इसके चलते बार-बार बाजार के चक्कर लगाने की झंझट बढ़ जाती है। हालांकि कुछ सरल उपायों को अपनाकर धनिया को लंबे समय तक हरा-भरा रखा जा सकता है।
दिल्ली की मशहूर किचन एक्सपर्ट सुषमा तिवारी के मुताबिक, धनिया को सबसे पहले बिना धोए रखना चाहिए। साथ ही इसे टिश्यू पेपर के साथ एयरटाइट डिब्बे या पानी वाले जार में स्टोर करना बेहतर रहता है। अगर फ्रिज में रखना हो तो ऐसी जगह चुनें जहां नमी कम हो। इन तरीकों से धनिया करीब 7 दिनों तक हरी बनी रहती है।
धोकर रखने की गलती पड़ सकती है भारी
अक्सर लोग बाजार से लौटते ही धनिया को धोकर फ्रिज में रख देते हैं और यही सबसे बड़ी भूल मानी जाती है। ज्यादा नमी की वजह से पत्तियां तेजी से खराब होने लगती हैं। बेहतर यही है कि धनिया को बिना धोए रखा जाए और इस्तेमाल से ठीक पहले ही साफ पानी से धोया जाए। अगर इस पर मिट्टी लगी हो तो सूखे कपड़े या टिश्यू से हल्के हाथों से साफ कर लें।
टिश्यू पेपर का तरीका आएगा काम
अगर आप चाहते हैं कि धनिया कई दिनों तक ताजा बनी रहे, तो एक आसान तरीका अपनाया जा सकता है। सबसे पहले खराब या पीली पत्तियों को अलग कर दें। इसके बाद किसी एयरटाइट डिब्बे की तली में टिश्यू पेपर बिछाएं, उस पर धनिया रखें और ऊपर से भी टिश्यू पेपर लगा दें। यह अतिरिक्त नमी सोख लेता है, जिससे धनिया जल्दी खराब नहीं होती।
जार में पानी भरकर भी रख सकते हैं
धनिया को ताजा रखने का एक और सरल उपाय है। जैसे लोग फूलों को पानी में रखते हैं, ठीक उसी तरह धनिया की डंठल को हल्का काटकर एक गिलास या जार में थोड़ा पानी भर दें। ध्यान रहे कि सिर्फ डंठल ही पानी में डूबी रहे, पत्तियां नहीं। इसके बाद ऊपर से हल्का पॉलीबैग या ढक्कन लगाकर इसे फ्रिज में रख दें। इससे धनिया लंबे समय तक हरी और ताजा बनी रहती है।
फ्रिज में सही जगह रखना भी जरूरी
कई बार लोग फ्रिज में कहीं भी धनिया रख देते हैं, जिससे वह जल्दी खराब हो जाती है। कोशिश करें कि इसे ऐसी जगह रखें जहां ज्यादा नमी न हो और हवा का प्रवाह बना रहे। फ्रिज को जरूरत से ज्यादा भरने पर भी सब्जियां जल्दी खराब हो सकती हैं।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/tips-and-tricks-hari-dhaniya-storage-tips-easy-to-keep-coriander-fresh-for-weeks-fridge-local18-ws-l-10577417.html