बिहार के गोपालगंज में देर रात वाहनों की जांच के दौरान शराब तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। आरोप है कि तस्करों ने पहले ड्यूटी पर तैनात दारोगा को स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश की और फिर पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। इस घटना में एक दारोगा गंभीर रूप से घायल हुए, वहीं उत्तर प्रदेश के एक शराब तस्कर के जबड़े में गोली लगने से उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। यह वारदात श्रीपुर थानाक्षेत्र के बंशी बतरहा गांव के पास हुई।
कैसे शुरू हुआ पूरा घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार, श्रीपुर पुलिस सोमवार की देर रात उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले सभी वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि यूपी से एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गोपालगंज की ओर आ रही है। पुलिस ने इस गाड़ी को बंशी बतरहा गांव के पास रोककर जांच करने का प्रयास किया।
बताया जाता है कि जैसे ही दारोगा संतोष कुमार स्कॉर्पियो के पीछे पहुंचकर तलाशी लेने लगे, उसी समय गाड़ी में बैठे तस्करों ने तेजी से वाहन को बैक गियर में डालकर दारोगा को कुचलते हुए भागने की कोशिश की। स्कॉर्पियो की टक्कर से दारोगा संतोष कुमार सड़क पर गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
भागने के दौरान फायरिंग और जवाबी कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, भागने के दौरान स्कॉर्पियो में सवार शराब तस्कर ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। श्रीपुर पुलिस के अनुसार, आरोपी तस्कर का नाम किशन कुमार है, जो उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित भरथरी गांव का निवासी है। पुलिस का कहना है कि किशन कुमार ने ही भागते समय दारोगा को घायल किया और अन्य पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाईं।
तस्करों की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की, जिसमें आरोपी शराब तस्कर किशन के जबड़े में गोली लग गई।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद पुलिस ने तस्कर किशन और घायल दारोगा दोनों को फुलवरिया सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने दोनों को सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया। बाद में घायल तस्कर को पटना के पीएमसीएच के लिए रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पहले भी सामने आ चुके हैं टकराव के मामले
उल्लेखनीय है कि इस घटना से पहले भी श्रीपुर और फुलवरिया थानाक्षेत्र में शराब तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ की खबरें आती रही हैं। दो वर्ष पूर्व श्रीपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष पप्पू कुमार के साथ हथुआ के एकड़ंगा में विवाद हुआ था। इसके अलावा एक साल पहले फुलवरिया में अपर थानाध्यक्ष के साथ तस्करों द्वारा मारपीट का मामला भी सामने आया था। फिलहाल श्रीपुर पुलिस इस मामले में शामिल अन्य शराब तस्करों की पहचान में जुट गई है।
https://hindi.news18.com/news/bihar/gopalganj-liquor-smugglers-firing-in-gopalganj-inspector-accused-injured-ws-l-10577117.html