यम! ब्रांड्स 2.7 अरब डॉलर में बेचेगी पिज्जा हट, 155 देशों में चलाती है 63,000 से ज्यादा रेस्टॉरेंट

केएफसी और टैको बेल जैसे ब्रांड चलाने वाली यम! ब्रांड्स ने रणनीतिक पुनर्गठन के तहत अपने पिज्जा हट कारोबार को कुल 2.7 अरब डॉलर के उद्यम मूल्य पर बेचने के दो समझौतों की घोषणा की है।

दुनियाभर में अपने स्वादिष्ट पिज्जा के लिए पहचानी जाने वाली पिज्जा हट अब बिकने जा रही है। इस चेन का संचालन करने वाली ग्लोबल क्विक-सर्विस रेस्टॉरेंट कंपनी 'Yum! Brands' ने मंगलवार को रणनीतिक पुनर्गठन के तहत 2.7 अरब डॉलर के उद्यम मूल्य पर इसे बेचने के लिए दो अलग-अलग समझौतों का ऐलान किया। केएफसी, टैको बेल, पिज्जा हट और हैबिट बर्गर एंड ग्रिल जैसे बड़े वैश्विक ब्रांडों की संचालक यम ब्रांड्स ने बताया कि उसने कुल 2.7 अरब डॉलर में पिज्जा हट कारोबार बेचने के पक्के करार कर लिए हैं।

बिक्री से यम ब्रांड्स को होगी 2.3 अरब डॉलर की प्राप्ति

इन समझौतों के अनुसार, मुख्यभूमि चीन के बाहर के पिज्जा हट परिचालन को प्राइवेट इक्विटी फर्म लॉन्गरेंज कैपिटल लगभग 1.5 अरब डॉलर में खरीदेगी। वहीं, चीन में मौजूद पिज्जा हट कारोबार को यम चाइना होल्डिंग्स करीब 1.2 अरब डॉलर में अपने अधीन लेगी। कंपनी ने कहा कि इन दोनों सौदों से टैक्स और अन्य समायोजनों के बाद उसे लगभग 2.3 अरब डॉलर की शुद्ध प्राप्ति होने की उम्मीद है। साथ ही, अलगाव की प्रक्रिया को अमल में लाने के लिए 2026 की शेष अवधि के दौरान करीब 8.5 करोड़ डॉलर का एकमुश्त खर्च आने का भी अनुमान है।

नवंबर 2025 की समीक्षा के बाद हुए समझौते

गौरतलब है कि ये सौदे नवंबर 2025 में आरंभ हुई रणनीतिक समीक्षा का नतीजा हैं। नियामकीय मंजूरी समेत अन्य शर्तों के पूरा होने पर इनके 2026 की तीसरी तिमाही तक संपन्न होने की संभावना है। सौदा पूरा हो जाने के बाद यम ब्रांड्स अपने पिज्जा हट कारोबार से जुड़े आंकड़े अलग से जारी नहीं करेगी।

अब अपने मुख्य कारोबार पर ध्यान देगी कंपनी

यम ब्रांड्स के सीईओ क्रिस टर्नर ने कहा, ''इन लेनदेन से कंपनी को अपने प्रमुख कारोबार पर अधिक ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी और दीर्घकालिक मूल्य सृजन को गति मिलेगी।'' इसके अलावा कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने अतिरिक्त चार अरब डॉलर के शेयर पुनर्खरीद प्रस्ताव को भी हरी झंडी दे दी है। यम ब्रांड्स इस समय 155 देशों में 63,000 से ज्यादा रेस्टॉरेंट का संचालन करती है। भारतीय बाजार में उसकी इकाई के 2,000 से भी अधिक आउटलेट अलग-अलग फ्रेंचाइजी साझेदारों के साथ चलाए जाते हैं।

https://www.indiatv.in/paisa/business/yum-brands-to-sell-pizza-hut-for-2-7-billion-dollars-the-company-operates-over-63-000-restaurants-across-155-countries-2026-06-16-1225536