चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित एक मेडिकल स्टोर में हुए चर्चित हत्याकांड की जांच में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। वारदात में शामिल तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। शुरुआती जांच के मुताबिक तीनों आरोपी जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के रहने वाले हैं।
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश
पुलिस की जांच में सामने आया है कि हत्याकांड को अंजाम देने वाले तीनों युवक राजौरी जिले से ताल्लुक रखते हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए चंडीगढ़ पुलिस की विशेष टीमें जम्मू-कश्मीर पहुंच चुकी हैं और कई संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
चोरी की बाइक से दिया वारदात को अंजाम
जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपियों ने हत्या की वारदात के लिए चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया था। घटना को अंजाम देने के बाद वे पुलिस की पकड़ से बचने के मकसद से बार-बार अपने भागने का रास्ता बदलते रहे और अपनी पहचान छिपाने की पूरी कोशिश करते रहे।
पुलिस को चकमा देने की चाल
वारदात के बाद तीनों आरोपी सेक्टर-11 से सेक्टर-10 की ओर बढ़े। वहां पहुंचकर उन्होंने चोरी की बाइक छोड़ दी, ताकि पुलिस उनकी हरकतों का आसानी से सुराग न लगा सके। इसके बाद तीनों एक ऑटो में सवार हुए और कजेहड़ी की ओर निकल गए।
कैसे पहुंची पुलिस आरोपियों तक
आरोपियों की पहचान करने में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और डिजिटल साक्ष्यों से बड़ी मदद मिली। इन्हीं सुरागों की कड़ियां जोड़ते हुए जांच टीम तीनों आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही।
https://hindi.news18.com/news/crime/chandigarh-medical-store-murder-case-jammu-kashmir-rajouri-3-accused-identified-police-raids-hindi-crime-kahani-10577106.html