राजधानी पटना में अब वीकेंड को खास बनाने का एक नया जरिया मिल गया है। गंगा नदी के मनमोहक नजारों के बीच अब एनआईटी यानी गांधी घाट से भी क्रूज सेवा का आनंद लिया जा सकेगा। इस सफर में पर्यटकों को न सिर्फ खूबसूरत दृश्य देखने को मिलेंगे, बल्कि स्वादिष्ट भोजन का स्वाद भी चखने का मौका मिलेगा। आधुनिक सुविधाओं से सजे इस क्रूज को इस बार कई नए आकर्षणों के साथ पेश किया गया है, जिससे परिवार, दोस्तों और सैलानियों का अनुभव पहले से कहीं बेहतर होगा।
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने गंगा विहार क्रूज सेवा को नए स्वरूप में शुरू किया है। इस बार इसके संचालन की कमान पश्चिम बंगाल की कंपनी लेनिन क्रूज को सौंपी गई है। यही वजह है कि इस बार दो मंजिला क्रूज कई आकर्षक पैकेज के साथ लोगों के लिए तैयार किया गया है।
गंगा की लहरों पर पार्टी और डिनर का अनोखा अनुभव
लेनिन क्रूज के मैनेजर आकाश ने बताया कि इस बार क्रूज यात्रा को पहले से कहीं अधिक रोचक बनाया गया है। अब पर्यटक गंगा की लहरों के बीच सफर करते हुए डॉल्फिन का दीदार, मनभावन सूर्यास्त, भव्य गंगा आरती और पटना के सुंदर नदी तटों का नजारा देख सकेंगे। इस दौरान स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ डीजे म्यूजिक सफर को और यादगार बना देगा।
गंगा के बीच चलता-फिरता रेस्टोरेंट
दो मंजिला इस क्रूज में कदम रखते ही यात्रियों का स्वागत एक शानदार फ्लोटिंग रेस्टोरेंट करता है। आकर्षक इंटीरियर वाले इस रेस्टोरेंट में बैठकर लोग गंगा का नजारा लेते हुए इंडो-चाइनीज समेत कई लजीज व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं। दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहने वाला यह रेस्टोरेंट किफायती दामों पर भोजन उपलब्ध कराता है। गंगा के बीच बैठकर लंच या डिनर करना अपने आप में एक अलग ही अनुभव है।
ओपन स्काई डेक पर डांस और मस्ती
क्रूज के ऊपरी तल पर ओपन स्काई डेक और डांस फ्लोर की व्यवस्था की गई है। यहां पर्यटक खुली हवा में संगीत और मनोरंजन का लुत्फ उठा सकते हैं। खास बात यह है कि बिहार की स्टार्टअप कंपनियों को मीटिंग के लिए क्रूज पर मुफ्त सेवा दी जाएगी।
हर आयोजन के लिए खास इंतजाम
गंगा के बीच यह क्रूज कॉरपोरेट इवेंट, वेडिंग सेरेमनी, एनिवर्सरी, बर्थडे पार्टी, बैचलर पार्टी, किटी पार्टी, फैमिली गेट-टुगेदर और प्राइवेट कपल सेलिब्रेशन के लिए भी उपलब्ध है। इसके अलावा रूम बुकिंग और अलग-अलग स्पेशल पैकेजों की सुविधा भी दी जा रही है।
वीकेंड पर सनसेट क्रूज का मजा
हर शनिवार और रविवार को यह क्रूज शाम 4:30-5 बजे गांधी घाट से रवाना होकर करीब डेढ़ घंटे तक गंगा की सैर कराता है। प्रति व्यक्ति 999 रुपये के सनसेट पैकेज में भोजन, डीजे और अन्य सुविधाएं शामिल हैं। यात्रा के दौरान पर्यटक गंगा आरती और मधुर संगीत का आनंद भी ले सकेंगे।
इसके अलावा आप मात्र 149 रुपए खर्च कर क्रूज में घूम सकते हैं और रील्स व फोटो खिंचवा सकते हैं। इस पैकेज में आपको एक मॉकटेल पीने को भी मिलेगा। अगर आप रेस्टोरेंट से कुछ फूड ऑर्डर करते हैं तो स्पेशल डिस्काउंट भी दिया जाएगा। इस तरह के कई पैकेज उपलब्ध हैं।
सुरक्षा और गाइड की पूरी व्यवस्था
क्रूज पर एक साथ 65 यात्री सफर कर सकते हैं। पर्यटकों को पटना की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की जानकारी देने के लिए विशेष गाइड मौजूद रहेंगे। सुरक्षा के लिहाज से फायर सेफ्टी के सभी मानकों का पालन किया गया है और प्रत्येक यात्री के लिए लाइफ जैकेट की व्यवस्था भी की गई है।
पैकेज की बुकिंग बुक माई शो, जोमैटो, पेटीएम इनसाइडर, स्विगी और डिस्ट्रिक्ट जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के साथ-साथ सीधे कॉल के जरिए भी की जा सकती है। विशेष जानकारी के लिए 8961358378 पर कॉल किया जा सकता है। इसके अलावा गांधी घाट पर मौजूद क्रूज पर पहुंचकर भी जानकारी ली जा सकती है।
https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-nit-gandhi-ghat-lenin-cruise-launches-weekend-sunset-views-dining-dj-sound-entertainment-on-ganga-local18-ws-l-10576591.html