आजमगढ़ शहर के लोगों को जल्द ही एक बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपदवासियों को नई सौगात देते हुए शहर में आधुनिक कन्वेंशन सेंटर, पार्क और शॉपिंग कंपलेक्स के निर्माण का रास्ता खोल दिया है। शहर के मध्य में स्थित पुरानी जेल की जमीन पर शॉपिंग कंपलेक्स और पार्क बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही थी, लेकिन शासन स्तर से मंजूरी न मिलने के कारण यह योजना आगे नहीं बढ़ पा रही थी। इसी बीच देखरेख के अभाव में पुरानी जेल की यह जगह धीरे-धीरे खंडहर में तब्दील होती जा रही थी।
12 एकड़ भूमि पर बनेगा कन्वेंशन सेंटर और पार्क
फिलहाल इस जमीन का इस्तेमाल नगर पालिका आजमगढ़ द्वारा अस्थायी रूप से कचरा एकत्र करने के लिए किया जा रहा है। बीते दिनों महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुरानी जेल की 12 एकड़ भूमि पर कन्वेंशन सेंटर, पार्क और शॉपिंग मॉल बनाने की घोषणा की। इस घोषणा के बाद इस स्थल के सौंदर्यीकरण और इसे शहरवासियों के लिए उपयोगी बनाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ विकास प्राधिकरण को इस स्थान पर निर्माण की योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
शहर को मिलेगा आधुनिक केंद्र और बाजार
इस परियोजना के पूरा होने पर आजमगढ़वासियों को शहर के बीचोबीच एक बड़ा आधुनिक केंद्र उपलब्ध होगा। इसके साथ ही शहर के मध्य में खुला पार्क और हरियाली से भरा वातावरण भी लोगों को मिल सकेगा। दूसरी ओर शॉपिंग कंपलेक्स बनने से जनपदवासियों को एक नया और आधुनिक बाजार मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सकेगा।
लंबे समय से चल रहे थे प्रयास
उल्लेखनीय है कि इस स्थान पर कन्वेंशन सेंटर और पार्क के निर्माण के लिए पहले भी लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुरानी जेल की जगह पर कन्वेंशन सेंटर बनाने को लेकर उत्तर प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान और भाजपा लालगंज के पूर्व जिला अध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कई बार पैरवी की थी।
इस विषय पर जानकारी देते हुए भाजपा लालगंज के पूर्व जिला अध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि यह आजमगढ़ जनपदवासियों की बेहद पुरानी मांग थी, जिसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। जनपद के विभिन्न जनप्रतिनिधियों द्वारा भी यह मांग बार-बार उठाई जा रही थी, और अब मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/azamgarh-modern-convention-center-shopping-mall-built-12-acres-land-old-jail-know-local18-ws-l-10576374.html