बाथरूम घर की वह जगह है जिसका दिनभर सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है। आमतौर पर हम बाथरूम की सफाई तो कर लेते हैं, लेकिन इसकी दीवारों को साफ करना अक्सर भूल जाते हैं। नहाने के बाद बाथरूम की टाइल्स धीरे-धीरे पीली पड़ने लगती हैं और उनकी चमक फीकी हो जाती है। कई बार साबुन के साथ जमा होने वाला मैल दीवारों के रंग को पीला और भद्दा बना देता है, जिससे टाइल्स पर एक धुंधली और चिपचिपी परत-सी जम जाती है। अच्छी बात यह है कि इसे हटाने के लिए घंटों रगड़ने या घिसने की जरूरत नहीं पड़ती। कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से आप इन दीवारों को आसानी से चमका सकते हैं।
बाथरूम की दीवार साफ करने के आसान तरीके
सिरका और बेकिंग सोडा
बाथरूम की टाइल्स को प्राकृतिक तरीके से साफ करने के लिए सिरका और बेकिंग सोडा बेहतरीन विकल्प हैं। इसके लिए 1 कप सफेद सिरका, 1/2 कप बेकिंग सोडा और थोड़ा गर्म पानी लें। सबसे पहले एक स्प्रे बोतल में सिरका और गर्म पानी मिलाकर टाइल्स पर अच्छी तरह स्प्रे करें और इसे 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद बेकिंग सोडा में थोड़ी मात्रा में पानी मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें और इसे जिद्दी दागों या ग्राउट लाइनों पर लगाएं। अब स्पंज से हल्का रगड़ें और साफ पानी से धो लें। ऐसा करने से दाग-धब्बे गायब हो जाएंगे और टाइल्स चमकने लगेंगी।
बर्तन धोने का लिक्विड और गर्म पानी
अगर आप ज्यादा मेहनत से बचना चाहते हैं तो यह तरीका सबसे आसान है। इसके लिए दो बड़े चम्मच बर्तन धोने का लिक्विड साबुन और 2 कप गुनगुना पानी आपस में मिलाकर दीवारों पर अच्छी तरह लगाएं। इसके बाद माइक्रोफाइबर कपड़े या स्पंज की मदद से दीवारों को ठीक उसी तरह साफ करें, जैसे आप फर्श पर पोंछा लगाते हैं।
हाइड्रोजन पेरोक्साइड
अगर दाग बहुत पुराने और जिद्दी हो चुके हैं तो हाइड्रोजन पेरोक्साइड का इस्तेमाल कारगर साबित होता है। इससे दीवारों पर जमी फफूंदी और जिद्दी पीले दाग आसानी से साफ हो जाते हैं। इसके लिए 1 कप हाइड्रोजन पेरोक्साइड में 1 बड़ा चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं और ब्रश की मदद से इसे टाइल्स पर लगाएं। इसे 10 मिनट तक लगा रहने दें और फिर स्क्रबर से रगड़कर साफ कर लें। इस उपाय से आपकी गंदी टाइल्स फिर से चमकदार दिखने लगेंगी।
https://www.indiatv.in/lifestyle/features/easy-way-to-clean-dirty-bathroom-walls-tiles-home-remedies-for-bathroom-tiles-cleaning-2026-06-16-1225419