मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक दलित युवती से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे घायल कर दिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कैसे हुई कार्रवाई
थाना चरथावल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मंगलवार, 16 जून 2026 को मुठभेड़ के बाद दलित युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में वांछित दो शातिर अभियुक्तों को पकड़ा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त घायल हो गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया।
क्या है पूरा मामला
मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में 13 जून को वादी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि दधेडू खुर्द निवासी आस मौहम्मद के बेटे उमर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी बेटी को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर जंगल में ले गए और वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
कैसे गठित हुई टीमें
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सदर विनय कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें बनाई गईं। 16 जून को थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया और एसओजी प्रभारी मोहित के नेतृत्व में टीम गश्त पर निकली। इसी दौरान दधेडू पुल के पास दधेडू खुर्द की ओर जाने वाले रास्ते पर दो संदिग्ध खड़े नजर आए। पुलिस को देखते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी और कच्चे रास्ते की ओर भाग निकले।
मुठभेड़ में दबोचे गए दोनों आरोपी
पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए आरोपियों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने दोबारा गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें 25 वर्षीय उमर उर्फ सालिम पुत्र आस मौहम्मद के बाएं पैर में गोली लग गई और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरे आरोपी बागोवाली निवासी 22 वर्षीय मौ0 अब्दुल्ला पुत्र मतलूब को कॉम्बिंग के दौरान पकड़ा गया।
आगे की कार्रवाई
घायल उमर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उमर पर पहले से ही दुष्कर्म का एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस इस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा का बयान भी सामने आया है।
https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/up-news-encounter-with-two-accused-in-the-gang-rape-of-a-dalit-woman-police-shot-one-in-the-leg-and-arrested-both-2026-06-16-1225445