यूपी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा में बैठने वाले अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड और रैंक आधिकारिक वेबसाइट bujhansi.ac.in पर जाकर देख सकते हैं। इस बार परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी, झांसी को सौंपी गई थी।
अलीगढ़ की वंदना सिंह ने मारी बाजी
बीएड प्रवेश परीक्षा में अलीगढ़ की वंदना सिंह ने साइंस स्ट्रीम में पहला स्थान अपने नाम किया है। अलीगढ़ के ही नितिन पचौरी दूसरे स्थान पर रहे, जबकि जौनपुर की खुशी अजय मिश्रा ने तीसरी रैंक हासिल की।
टॉप 10 मेरिट सूची में कुल 6 महिलाएं और 4 पुरुष जगह बनाने में सफल रहे। साइंस स्ट्रीम के अभ्यर्थियों ने मेरिट सूची में बेहद प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
1011 केंद्रों पर हुई परीक्षा
प्रदेश के 72 जिलों में बनाए गए 1011 परीक्षा केंद्रों पर बीएड प्रवेश परीक्षा कराई गई थी। इस परीक्षा के लिए 4.44 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। दोनों पालियों को मिलाकर लगभग 90 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
उपस्थिति के लिहाज से कासगंज और पीलीभीत जिलों में सबसे अधिक 95 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में पहुंचे, वहीं गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में सबसे कम 84 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परिणाम के तहत 4 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को उनकी रैंक जारी की गई है।
एआई आधारित निगरानी का इस्तेमाल
इस वर्ष परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पहली बार एआई आधारित फेस रिकग्निशन और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन सिस्टम का प्रयोग किया गया। परीक्षा केंद्रों पर नजर रखने के लिए करीब 22 हजार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, जिनके जरिये लाइव मॉनिटरिंग की गई।
इसके अलावा आईसीसीसी कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रदेश के सभी 72 जिलों के परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी गई।
https://hindi.news18.com/news/career/education-up-bed-result-2026-out-check-toppers-list-at-bujhansi-ac-in-10576168.html