बेतिया के ये कारीगर दीवारों पर उकेरते हैं हूबहू तस्वीरें, बेहद कम खर्च में संवरेगा घर, हर कोई कहेगा वाह

अगर आप घर की दीवारों पर अपनी पसंद की खूबसूरत पेंटिंग करवाना चाहते हैं, तो बेतिया के ये हुनरमंद कारीगर मनचाहे डिजाइन को हूबहू उतार सकते हैं, वह भी जेब पर बिना बोझ डाले।

घर की दीवारों को मनमोहक चित्रकारी से सजाने का शौक रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। बेतिया जैसे शहर में अब ऐसे हुनरमंद कारीगर मौजूद हैं, जो दीवारों पर अपने हाथों से बिल्कुल हूबहू तस्वीरें उकेरने की कला में माहिर हैं। आप जो भी तस्वीर चाहें, वह कुछ ही घंटों में आपके घर की मुख्य दीवार पर उसी रूप में उतारी जा सकती है। सबसे खास बात यह है कि इसके लिए तय की गई कीमत बेहद मामूली है, जिसका बोझ आपकी जेब पर बिल्कुल नहीं पड़ेगा। यहां हम जिले के कुछ ऐसे ही कारीगरों के बारे में बता रहे हैं, जिनके हुनर से आप अपने आशियाने को मनचाहे ढंग से संवार सकते हैं।

दो दशकों से दीवारों को दे रहे हैं नया रूप

इस सूची में सबसे पहला नाम नौतन प्रखंड के धूमनगर कचहरी टोला निवासी मुकेश कुमार का है। मुकेश पिछले दो दशक से दीवारों पर पेंटिंग, टैक्स्चर और आकर्षक चित्रकारी का काम कर रहे हैं। दीवार चाहे जैसी भी हो, मुकेश उसे अपनी कारीगरी से इतना खूबसूरत बना देते हैं, जिसकी कल्पना भी शायद आपने न की हो। चाहे दीवारों पर एनिमेटेड चित्रकारी करवानी हो या उन्हें शानदार टेक्सचर देना हो, बस एक कॉल पर कारीगर आपके घर पहुंचकर आपकी यह इच्छा पूरी कर सकते हैं।

पेंटिंग से लेकर फॉल सीलिंग तक में महारत

मुकेश बताते हैं कि उनके लिए यह कला सिर्फ कमाई का जरिया नहीं, बल्कि लोगों को खुश करने का माध्यम है। इसे इस तरह समझा जा सकता है कि दीवारों पर मनचाही चित्रकारी के लिए उन्होंने सिर्फ 50 से 60 रुपये प्रति स्क्वायर फीट की दर तय की है। वहीं दीवारों पर आकर्षक टेक्सचर के लिए केवल 100 रुपये प्रति स्क्वायर फीट का चार्ज रखा गया है। इतना ही नहीं, मुकेश घरों के रंग-रोगन का काम भी करते हैं। फॉल सीलिंग हो या प्लास्टर ऑफ पेरिस वाला लुक, उनकी कारीगरी में ये सभी काम शामिल हैं।

22 साल की उम्र में राजेश ने भी पाई महारत

मुकेश के मार्गदर्शन में काम करने वाले राजेश कुमार भी एक बेहतरीन कलाकार हैं। महज 22 वर्ष की उम्र में उन्होंने दीवारों पर चित्रकारी, पेंटिंग, आकर्षक टेक्सचर, फॉल सीलिंग और प्लास्टर ऑफ पेरिस से जुड़े सभी कामों में दक्षता हासिल कर ली है। फिलहाल राजेश, मुकेश के निर्देशन में काम करते हुए खुद को और भी निखार रहे हैं। बेतिया के लोग घर की दीवारों के डेकोर, पेंटिंग, टैक्स्चर और फॉल सीलिंग से जुड़े कामों के लिए इन कारीगरों से संपर्क कर सकते हैं।

https://hindi.news18.com/news/bihar/west-champaran-wall-painting-home-decor-artist-in-budget-local18-ws-l-10576131.html