संचिता उगले की मौत से टूटे माता-पिता, एक्ट्रेस को प्रताड़ित किए जाने का आरोप- 'गुमसुम रहती थी, किसी से बात नहीं करती थी'

टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले की कथित आत्महत्या से उनके माता-पिता गहरे सदमे में हैं और उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी को टॉर्चर किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक परिजनों ने किसी पर औपचारिक आरोप नहीं लगाया है और मामले की जांच जारी है।

टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले की मौत ने मनोरंजन जगत को हिला कर रख दिया है। महज 22 साल की इस अभिनेत्री के निधन पर हर तरफ शोक का माहौल है और उनके चाहने वाले गहरा दुख जता रहे हैं। परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिवार ने लगाया प्रताड़ित किए जाने का आरोप

संचिता के परिजनों का आरोप है कि एक्ट्रेस को लगातार टॉर्चर किया जा रहा था। परिवार के अनुसार, “उसे काफी परेशान किया जा रहा था। वो घर पर किसी से बात नहीं करती थी और शांत-शांत, गुमसुम सी रहती थी।” पीड़ित परिवार पुलिस से मांग कर रहा है कि संचिता की खुदकुशी के पीछे जो भी जिम्मेदार है, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस मुश्किल घड़ी में संचिता के पिता, मां, मौसी और भाई सब एक साथ खड़े हैं। बेटी को खोने के गम में मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता रोते हुए अपनी बेटी के लिए इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं।

नालासोपारा में रहता था परिवार

संचिता अपने माता-पिता के साथ पालघर के नालासोपारा इलाके में रहती थीं। 14 जून को जब उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या की, तब उनके पिता ने पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया। पिता ने पुलिस को बताया कि संचिता ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।

संचिता उगले की मौत पर पुलिस का बयान

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आत्महत्या की पुष्टि नहीं हो पाई है। उनके कमरे से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच में जुट गई है।

पुलिस के मुताबिक संचिता के पिता का कहना है कि एक्ट्रेस की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पिता ने न तो किसी पर आत्महत्या के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है और न ही किसी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। हालांकि, संचिता के भाई ने टीवी इंडस्ट्री पर दबाव बनाने का आरोप लगाया और उन्होंने इस मौत को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जोड़ा।

'छावा' में निभाया था ताराबाई का किरदार

संचिता उगले की अचानक मौत से टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उन्होंने ‘कुमकुम भाग्य’, ‘वागले की दुनिया’ और ‘दिलवाली दुल्हा ले जाएगी’ जैसे शोज में काम किया था। पिछले साल आई विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘छावा’ में वह ताराबाई के किरदार में नजर आई थीं।

https://hindi.news18.com/news/entertainment/tv-sanchita-ugale-parents-in-shocked-after-daughter-death-put-blame-at-industry-tortured-on-actress-says-used-to-withdrawn-not-talk-to-anyone-10574624.html