दुनिया का सबसे महंगा आम 'मियाजाकी' चखेंगे पीएम मोदी, दुबई से भी मिला ऑर्डर, सीसीटीवी से हो रही 'रेड गोल्ड' की रखवाली

सहारनपुर के थरौली गांव के किसान संदीप चौधरी ने जापानी किस्म 'मियाजाकी' की बंपर पैदावार की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 30 से 45 लाख रुपये आंकी जा रही है। लाखों रुपये मूल्य के इन आमों की सुरक्षा सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है।

आम का मौसम शुरू होते ही बाजारों में दशहरी, लंगड़ा और चौसा जैसी किस्में छा जाती हैं और लोग अपनी पसंद के अनुसार इनका स्वाद ले रहे हैं। लेकिन मैंगो बेल्ट के नाम से मशहूर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में इस बार एक प्रगतिशील किसान ने दुनिया के सबसे महंगे आम 'मियाजाकी' की बड़े पैमाने पर पैदावार करके सबको चौंका दिया है। मूल रूप से जापान की यह वैरायटी अपने बेहतरीन गुणों और चटक लाल रंग के कारण 'रेड गोल्ड' और 'सूर्य का अंडा' भी कहलाती है, और अब भारत के किसान भी इसे खासा पसंद कर रहे हैं।

दो पौधों से शुरू हुआ सफर, अब झूम रहे 40 पेड़

सहारनपुर के छोटे से गांव थरौली के रहने वाले किसान संदीप चौधरी ने बताया कि उन्होंने महज दो साल पहले मियाजाकी के सिर्फ दो पौधों के साथ इसकी शुरुआत की थी। इस इलाके की जलवायु इस आम के लिए इतनी अनुकूल साबित हुई कि आज उनके बाग में मियाजाकी के करीब 40 पेड़ लहलहा रहे हैं।

संदीप के अनुसार इस बार उनके 10 पेड़ों पर लगभग 15 से 20 किलो आम लगे हुए हैं। चूंकि यह दुनिया की सबसे महंगी किस्म है, इसलिए पूरे बाग और पौधों की हिफाजत के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि कोई इन्हें नुकसान न पहुंचा सके।

गूगल सर्च से मिला आइडिया, कीमत लाखों में

संदीप चौधरी ने बताया कि इस अनोखे आम को उगाने के पीछे उनका मुख्य मकसद किसानों की आमदनी बढ़ाना था। जब उन्होंने नया बाग लगाने की सोची तो उनके मन में आया कि क्यों न पारंपरिक खेती से हटकर कुछ ऐसा किया जाए जिससे ज्यादा मुनाफा हो। इसके लिए उन्होंने गूगल पर खोजा कि दुनिया का सबसे महंगा आम कौन सा है, और तब उनके सामने मियाजाकी का नाम आया।

शुरुआती दो पौधों की अच्छी बढ़त देखने के बाद उन्होंने अगले ही साल 35-36 पौधे और लगा दिए और फिर कटिंग के जरिए बाग को और बड़ा किया। संदीप के पेड़ों पर लगे इस बार के आमों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 30 से 45 लाख रुपये तक आंकी जा रही है।

पूरी तरह ऑर्गेनिक, स्वाद बिल्कुल अलग

यह पूरी फसल पूरी तरह प्राकृतिक और ऑर्गेनिक तरीके से उगाई गई है, यानी इसमें किसी भी प्रकार के हानिकारक रसायन का इस्तेमाल नहीं हुआ है। अपना अनुभव साझा करते हुए संदीप ने बताया कि पिछले साल जब उनके पेड़ों पर पहली बार आम आए थे, तो उन्होंने खुद एक आम तोड़कर खाया था। उसका स्वाद इतना लाजवाब और अनूठा था कि उन्हें लगा कि जीवन में पहली बार उन्होंने कोई बिल्कुल अलग और खास चीज चखी है।

पीएम मोदी को भेंट की तैयारी, दुबई भेजने की योजना

संदीप चौधरी हर साल अपने बाग के मियाजाकी आम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट करते आए हैं। मगर इस बार उन्होंने एक खास तैयारी की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार सबसे लंबे कार्यकाल का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनने की खुशी में संदीप यह खास आम पीएम मोदी को भेंट करना चाहते हैं। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी यह आम भेंट करने की उनकी योजना है।

इस जापानी आम की चमक अब सात समंदर पार तक पहुंच चुकी है। संदीप के पास दुबई की एक बड़ी कंपनी से इन आमों को खरीदने का ऑर्डर आया है। फिलहाल कंपनी से उनकी बातचीत चल रही है और जैसे ही आम पूरी तरह पककर तैयार होंगे, इन्हें सीधे दुबई एक्सपोर्ट कर दिया जाएगा।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/saharanpur-farmer-sandeep-chaudhry-growing-miyazaki-mango-worth-lakhs-dubai-order-local18-10574948.html