हरियाणा के झज्जर जिले के बहुचर्चित डीघल गांव में हुए दिव्यांग जितेन्द्र हत्याकांड में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। इस मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। जिला पुलिस आयुक्त डॉ. राजश्री ने प्रेस वार्ता आयोजित कर गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी साझा की।
कौन-कौन हुआ गिरफ्तार
एसीपी श्मशेर सिंह की मौजूदगी में हुई प्रेस वार्ता में पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में डाबौदा खुर्द निवासी दीपांशु, राजस्थान के कलाना गांव निवासी विशाल उर्फ हनुमान नगढ़िया और एक नाबालिग शामिल है। नाबालिग आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि बाकी दोनों आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
दोनों आरोपियों पर इनाम घोषित था
पुलिस आयुक्त ने बताया कि राजस्थान पुलिस ने आरोपी विशाल और नाबालिग पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इन पर हत्या और लूटपाट समेत कई संगीन धाराओं के तहत राजस्थान में अनेक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों लंबे अरसे से पुलिस की पकड़ से बाहर थे और लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने मुंबई में कार्रवाई कर दोनों को दबोच लिया।
खूनी रंजिश में लगातार बन रहे निशाना
उल्लेखनीय है कि डीघल गांव में बीते कुछ समय से चली आ रही खूनी रंजिश के चलते एक-दूसरे को निशाना बनाने का सिलसिला थमा नहीं है। इसी अदावत के तहत साहिल उर्फ सोनू हत्याकांड के बाद 52 वर्षीय दिव्यांग जितेंद्र की भी कुछ दिन पूर्व रात के समय हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उस वक्त ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जब वह अपने घर के एक कमरे में सो रहा था।
उठ पाने में असमर्थता को बनाया कमजोरी
परिजनों की मानें तो मृतक जितेन्द्र स्वयं उठने में असमर्थ था और उसी की इस मजबूरी को सॉफ्ट कॉर्नर मानते हुए हत्यारों ने उसे निशाना बनाया। देर रात घर में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी से हुए इस हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी।
हथियारों की बरामदगी बाकी
डॉ. राजश्री ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार अभी बरामद किए जाने हैं। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपी भी पुलिस के रडार पर हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
https://hindi.news18.com/news/haryana/jhajjar-deeghal-disabled-jitendra-murder-case-three-accused-arrested-from-mumbai-local18-ws-l-10574486.html