राम मंदिर के दान पात्र में हुई कथित चोरी के मामले की तह तक जाने के लिए बनाई गई विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को अयोध्या पहुंची इस टीम ने राम जन्मभूमि परिसर में लंबी पड़ताल की और कई स्तर पर पूछताछ की प्रक्रिया चलाई। बताया जा रहा है कि मंगलवार को भी परिसर में जांच का सिलसिला जारी रह सकता है।
8 घंटे चली पड़ताल, 43 लोग पूछताछ के दायरे में
SIT की टीम राम जन्मभूमि परिसर में रात 11 बजे तक मौजूद रही। करीब 8 घंटे तक चली इस पड़ताल के दौरान परिसर में ही 43 लोगों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दायरे में जहां ट्रस्ट के पदाधिकारी रहे, वहीं दान पात्र की गिनती के लिए नियुक्त एसबीआई बैंक के कर्मचारी भी शामिल थे। इन सभी से अलग-अलग सवाल-जवाब किए गए।
इस पूरी प्रक्रिया के दौरान राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव और ट्रस्ट के पदेन सदस्य के रूप में अयोध्या के जिलाधिकारी भी परिसर में उपस्थित रहे।
सीसीटीवी से लेकर बैंक खातों तक की जांच
जांच टीम ने राम जन्मभूमि परिसर में रखे गए अलग-अलग दान पात्रों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया और कई पत्रावलियों की पड़ताल की गई। इसके साथ ही बैंकों में जमा कराई गई धनराशि की भी जांच की गई।
देर रात तक परिसर में जांच चलती रही। इसके बाद समिति के सदस्य रामनगरी के सरयू अतिथि गृह में रुके और वहीं रात्रि प्रवास किया। कई दिनों से ट्रस्ट द्वारा परिसर में रोके गए आरोपियों से भी टीम ने अलग-अलग पूछताछ की।
न कोई हिरासत में, न कोई गिरफ्तार
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का दावा है कि अब तक न तो किसी को हिरासत में लिया गया है और न ही किसी को जेल भेजा गया है। यह भी बताया गया कि राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से अभी तक कोई शिकायती पत्र नहीं दिया गया है।
देर रात राम जन्मभूमि थाने के प्रभारी और अयोध्या के क्षेत्राधिकारी को भी परिसर में बुलाया गया था। भारी सुरक्षा बल की मौजूदगी के बीच SIT की टीम परिसर से बाहर निकली।
मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
सूत्रों के अनुसार SIT की टीम मंगलवार को भी जांच को आगे बढ़ाएगी। टीम जल्द ही दान पात्र में गबन के इस मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंपेगी।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/ayodhya-ram-mandir-daan-chori-sit-team-did-enquiry-from-43-people-in-8-hours-bank-account-cctv-footage-detail-10574105.html