स्लोवाकिया ने पीएम मोदी को दिया अपना सर्वोच्च सम्मान, 'ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' से किया सम्मानित

स्लोवाकिया यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मान 'ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' से नवाजा गया। यह किसी विदेशी सरकार द्वारा पीएम मोदी को दिया गया 33वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्लोवाकिया ने अपने सबसे बड़े सम्मान से नवाजकर वैश्विक मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। अपनी स्लोवाकिया यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री को देश के सर्वोच्च सम्मान 'ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' से सम्मानित किया गया। भारत के लिए इसे एक अहम कूटनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

33वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान

यह किसी विदेशी देश की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया 33वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। इससे पहले भी दुनिया के कई शक्तिशाली देश प्रधानमंत्री को अपने सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों से सम्मानित कर चुके हैं। जानकारों के अनुसार, स्लोवाकिया का यह सम्मान दोनों देशों के बीच मजबूत होते रणनीतिक संबंधों की पुष्टि करता है और पीएम मोदी की सशक्त वैश्विक कूटनीति की सफलता को दर्शाता है।

पीएम मोदी ने जताया आभार

सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया के लोगों और वहां की सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया तथा इसे दोनों देशों के बीच की गहरी मित्रता को समर्पित किया। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर उन्होंने लिखा, ”आज शाम ब्रातिस्लावा में द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास) पाकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इस सम्मान के लिए स्लोवाकिया के लोगों और सरकार का मैं शुक्रगुजार हूं, जो भारत के 140 करोड़ लोगों का है। मैं यह अवॉर्ड भारत और स्लोवाकिया के बीच हमेशा रहने वाली दोस्ती को समर्पित करता हूं।”

उल्लेखनीय है कि 'द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (प्रथम श्रेणी)' स्लोवाकिया का सर्वोच्च नागरिक एवं सैन्य राजकीय सम्मान है, जो विशेष रूप से विदेशी नागरिकों को प्रदान किया जाता है।

किसी भारतीय पीएम की पहली स्लोवाकिया यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी अपनी एक सप्ताह की यूरोप यात्रा के तहत ब्रातिस्लावा पहुंचे हैं। यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की पहली यात्रा है। इस दौरान उन्होंने स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ हुई सार्थक बातचीत का भी उल्लेख किया।

'एक्स' पर प्रधानमंत्री ने लिखा, ”सोमवार को राष्ट्रपति पेलेग्रिनी के साथ हुई बातचीत में विनिर्माण, परिवहन, नवाचार और निवेश संबंधों, ऊर्जा, जैव ईंधन आदि जैसे विविध विषयों पर चर्चा हुई। डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। हमने जन-जन संबंधों को मजबूत करने पर भी बात की।”

उद्योगपतियों को भारत में निवेश का न्योता

प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया के उद्योगपतियों के साथ मुलाकात की और कंपनियों को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित भी किया। इस संबंध में उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, “सोमवार दोपहर ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री रॉबर्ट फित्सो ने स्लोवाकिया के शीर्ष बिजनेस लीडर्स के साथ एक बैठक की मेजबानी की। हमने आर्थिक संबंधों को मजबूत करने, निवेश प्रवाह बढ़ाने और नवाचार, प्रौद्योगिकी, विनिर्माण और अन्य क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करने पर सार्थक चर्चा की। मैंने भारत की सुधार यात्रा और देश द्वारा प्रदत्त बढ़ते अवसरों पर प्रकाश डाला और स्लोवाकिया की कंपनियों को भारत के साथ अपनी साझेदारी को और गहरा करने के लिए आमंत्रित किया।”

https://hindi.news18.com/world/europe-pm-modi-slovakia-highest-honour-the-white-double-cross-1st-class-india-shine-10574001.html