ओटीटी की दुनिया में आज सैकड़ों वेब सीरीज मौजूद हैं, मगर दर्शकों के दिल में जगह कुछ ही बना पाती हैं। 'एस्पिरेंट्स', 'पंचायत' और 'मिर्जापुर' जैसी सीरीज ने मनोरंजन के साथ-साथ लोगों के मन में एक खास जगह बनाई है। आईएमडीबी पर इन्हें मिली शानदार रेटिंग इस बात की गवाह है कि दर्शकों ने इन्हें कितना सराहा। अगर आपको 'एस्पिरेंट्स' जैसी कहानियां भाती हैं, तो एक और ऐसी ही सीरीज आपके लिए है, जिसका नाम है 'घर वापसी'। इसमें एक ऐसे नौजवान की दास्तान है, जो महानगर से ठुकराए जाने के बाद अपने घर लौटता है और फिर जिन हालात से उसका सामना होता है, उनसे हर 9 टू 5 की नौकरी करने वाला शख्स खुद को जुड़ा हुआ महसूस करेगा।
क्या है 'घर वापसी' की कहानी?
'घर वापसी' एक भावनात्मक पारिवारिक ड्रामा है, जिसके केंद्र में एक ऐसा किरदार है जो महानगर में बसा हुआ है, लेकिन मजबूरीवश उसे अपने गृहनगर लौटना पड़ता है। कहानी शेखर नाम के युवक की है, जो बेंगलुरु में कॉर्पोरेट जॉब करता है। तभी उसकी जिंदगी में एक बड़ा मोड़ आता है और उसे अपने होमटाउन इंदौर लौटना पड़ता है। दरअसल शेखर की नौकरी छूट जाती है और उसे घर वापस आना पड़ता है। शुरू में वह नौकरी जाने की बात अपने परिवार से छिपाता है, मगर बाद में राज खुल जाता है। इसके बाद परिवार के समीकरण बिगड़ने लगते हैं और सभी के मन में उसके प्रति नजरिया बदल जाता है। शुरुआत में तो अपने ही घर में शेखर को सब कुछ पराया-सा लगता है, मगर धीरे-धीरे उसे अपने परिवार और दोस्तों की अहमियत समझ में आने लगती है।
'घर वापसी' के कलाकार
इस सीरीज में विशाल वशिष्ठ ने शेखर त्रिवेदी की मुख्य भूमिका निभाई है। उनके साथ अतुल श्रीवास्तव (रतन लाल द्विवेदी), विभा छिब्बर (मधुवंति द्विवेदी), अजितेश गुप्ता (दर्शन), अनुष्का कौशिक (सुरुचि द्विवेदी), साद बिलग्रामी (संजू द्विवेदी), आकांक्षा ठाकुर (रिद्धिमा बंसल) और ज्ञानेंद्र त्रिपाठी (मनीष) अहम किरदारों में नजर आते हैं। सीरीज का निर्देशन रुचिर अरुण ने किया है, जबकि इसकी कहानी भारत मिश्रा और तत्सत पांडे ने मिलकर लिखी है।
किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देखें?
अगर आप 'घर वापसी' देखना चाहते हैं तो यह सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध है। आईएमडीबी पर इसे 8.7 रेटिंग मिली है। कहानी जितनी दमदार है, इसके संवाद, कलाकारों का अभिनय और निर्देशन भी उतना ही बेहतरीन है। यह सीरीज 4 साल पहले रिलीज हुई थी और उस दौरान इसने खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
https://www.indiatv.in/entertainment/ott/web-series-ghar-wapsi-story-is-no-less-then-aspirants-imdb-rating-is-8-point-7-watch-on-hotstar-plus-2026-06-15-1225302