'धुरंधर' स्टार रणवीर सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं, मगर इस दफा वजह कोई फिल्म, रेड कार्पेट अंदाज या कोई विवाद नहीं है। इस बार चर्चा की वजह बनी है उनकी एकदम नई और बेहद महंगी फेरारी। हाल ही में अभिनेता को मुंबई की सड़कों पर यह शानदार स्पोर्ट्स कार चलाते हुए देखा गया और इसी पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वायरल हो रहे इन वीडियो में रणवीर अपनी नई ब्लैक फेरारी 296 जीटीबी के स्टीयरिंग पर नजर आ रहे हैं। दरअसल, ट्रैफिक के चलते जैसे ही उन्होंने कार की रफ्तार थोड़ी धीमी की, वैसे ही वह अपनी इस लग्ज़री कार के साथ कैमरे में कैद हो गए।
रणवीर सिंह ने खरीदी नई फेरारी
मिल रही जानकारी के अनुसार, रणवीर सिंह ने कुछ समय पहले ही काले रंग की फेरारी 296 GTB अपने गैराज में शामिल की है, जिसकी कीमत करीब 6.36 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जैसे ही अभिनेता यह दमदार काली स्पोर्ट्स कार लेकर मुंबई की सड़कों पर निकले, हर किसी की निगाहें इसी पर टिक गईं। कार की रफ्तार कम होते ही लोग उन्हें अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड करने लगे। हालांकि कुछ ही पल में अभिनेता ने गति बढ़ाई और आगे बढ़ गए, लेकिन उनकी यह नई कार चर्चा का केंद्र बन गई।
रणवीर सिंह और 'डॉन 3' विवाद
इससे पहले रणवीर सिंह 'डॉन 3' से जुड़े विवाद को लेकर चर्चा में रहे थे। इस फिल्म की घोषणा साल 2023 में की गई थी, जिसमें बताया गया था कि अब इस एक्शन-थ्रिलर फ्रेंचाइजी का नया चेहरा रणवीर सिंह होंगे और निर्देशन की कमान फरहान के हाथ में रहेगी। फिल्म में बतौर मुख्य अभिनेत्री कियारा आडवाणी को भी जोड़ा गया था। लेकिन यह प्रोजेक्ट तब दोबारा सुर्खियों में आया, जब रणवीर ने इसमें काम करने से मना कर दिया। इसके बाद मामला 'फेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज' तक पहुंच गया और एसोसिएशन ने अभिनेता के खिलाफ असहयोग का आदेश तक जारी कर दिया। हालांकि बाद में यह आदेश वापस ले लिया गया।
रणवीर सिंह का वर्क फ्रंट
काम की बात करें तो रणवीर सिंह को आखिरी बार 'धुरंधर: द रिवेंज' में देखा गया था, जो 19 मार्च को सिनेमाघरों में पहुंची और बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई करने में कामयाब रही। इससे पहले 'धुरंधर' का पहला भाग 5 दिसंबर, 2025 को रिलीज हुआ था और उसने भी बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की थी। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, सारा अर्जुन, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे कलाकार भी नजर आए थे। धुरंधर 2 की सफलता के बाद अब रणवीर 'प्रलय' में दिखाई देंगे, जिसका निर्देशन हंसल मेहता के बेटे जय मेहता कर सकते हैं। हालांकि, इस प्रोजेक्ट को लेकर अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/ranveer-singh-buys-new-ferrari-296-gtb-worth-rs-6-crore-36-lakhs-video-of-actor-driving-goes-viral-2026-06-15-1225272