बड़े मंगल और आर्द्रा नक्षत्र का दुर्लभ मेल, इन सरल उपायों से दूर होंगी जीवन की हर बाधा

ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगल पर इस बार आर्द्रा नक्षत्र का शुभ संयोग बन रहा है। इस अवसर पर हनुमान जी को समर्पित कुछ आसान उपाय अपनाकर आर्थिक, पारिवारिक और मानसिक परेशानियों से जल्दी राहत पाई जा सकती है।

Mangalwar Ke Upay: ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले मंगलवार का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है और आज ज्येष्ठ का सातवां बड़ा मंगलवार है। इस महीने के मंगलवार को हनुमान जी की आराधना खास तौर पर की जाती है। इस बार अधिक ज्येष्ठ मास होने की वजह से चार के बजाय आठ बड़े मंगलवार पड़ रहे हैं। इनमें सातवां बड़ा मंगल 16 जून को और आखिरी बड़ा मंगल 23 जून को है। खास बात यह है कि इस बार बड़े मंगल पर आर्द्रा नक्षत्र का भी योग रहेगा। इस शुभ संयोग में नीचे बताए गए उपाय जरूर आजमाएं, माना जाता है कि इनसे व्यक्ति की तमाम मुश्किलें शीघ्र दूर होती हैं।

आर्थिक तंगी से राहत के लिए

यदि बीच-बीच में आपको पैसों की समस्या घेर लेती है और आप इस स्थिति से जल्द बाहर निकलना चाहते हैं, तो डगमगाती आर्थिक हालत को संभालने के लिए मंगलवार के दिन हनुमान जी के इस मंत्र का 21 बार जप करें। मंत्र है— 'ऊँ हं हनुमते नमः।'

दांपत्य जीवन में नई गर्माहट के लिए

अगर पति-पत्नी के रिश्ते में पहले जैसी आत्मीयता कम हो गई है और आप उसमें फिर से नई ऊष्मा भरना चाहते हैं, तो मंगलवार को स्नान आदि के बाद एक मिट्टी का दीपक लें, उसमें चमेली का तेल भरें और लाल रंग की पड़ी हुई बत्ती लगाएं। इस दीपक को हनुमान जी के मंदिर ले जाकर जलाएं। यदि मंदिर जाना संभव न हो तो घर में ही हनुमान जी के चित्र के सामने यह दीपक प्रज्वलित करें। दीपक जलाते समय यदि दोनों पति-पत्नी मौजूद हों तो और भी उत्तम है, अन्यथा स्वयं ही दीपक जला दें। इसके बाद हनुमान चालीसा का पाठ भी करें।

दांपत्य जीवन को सुखमय बनाने के लिए आर्द्रा नक्षत्र में रात को सोते समय अपने सिरहाने 2 मूली रखकर सोएं और सुबह उठकर उन्हें किसी मंदिर में दान कर दें। यह प्रक्रिया आर्द्रा नक्षत्र से आरंभ कर लगातार 7 दिनों तक करें।

मानसिक चिंता दूर करने के लिए

यदि किसी वजह से आप मानसिक परेशानी का सामना कर रहे हैं या कुछ दिनों से किसी बात को लेकर चिंतित हैं, तो आर्द्रा नक्षत्र में चंदन की माला गले में पहनें। साथ ही आर्द्रा नक्षत्र में ही चंदन को पीसकर उसका तिलक मस्तक पर लगाएं।

अधूरे कामों को पूरा करने के लिए

अगर आपका कोई काम अटका हुआ है और पूरा नहीं हो पा रहा, तो मंगलवार के दिन एक मौली यानी कलावा लेकर हनुमान जी के मंदिर जाएं और उसे भगवान के चरणों में रख दें। फिर चरणों से सिंदूर लेकर अपने माथे पर टीका लगाएं। इसके बाद वहां रखी मौली में से एक लंबा धागा निकालकर अपनी कलाई पर बांध लें और बाकी बची मौली को मंदिर में ही रहने दें।

कर्ज से मुक्ति के लिए

अगर आप कर्ज के बोझ से परेशान हैं और उसे चुका पाना मुश्किल हो रहा है, तो मंगलवार को स्नान के बाद साफ कपड़े पहनें। घर में किसी उपयुक्त स्थान पर आसन बिछाकर दक्षिण दिशा की ओर मुख करके बैठ जाएं और श्री हनुमान का ध्यान करते हुए ऋणमोचक मंगल स्तोत्र का पाठ करें। इसके अलावा यदि आप मंगलवार के दिन अपने कर्ज की एक किश्त या एक रुपया भी लेनदार को चुका देंगे, तो बाकी कर्ज भी जल्द उतर जाएगा।

परिवार की खुशहाली के लिए

अपने परिवार की खुशियां बनाए रखने के लिए मंगलवार को स्नान आदि के बाद थोड़े चमेली के फूल इकट्ठा करें। उन फूलों की माला बनाकर हनुमान जी के मंदिर में भगवान को अर्पित करें और परिवार की मंगलकामना करते हुए एक धूप बत्ती भी जलाएं।

घर की सुख-समृद्धि और परिवार को हर बुरी नजर से बचाने के लिए मंगलवार के दिन एक छोटा मिट्टी का बर्तन लें। उसमें शहद डालकर ऊपर ढक्कन लगाएं और इस बर्तन को हनुमान जी के मंदिर में रख आएं।

प्रेम संबंध को मजबूत बनाने के लिए

अगर आप अपने लवमेट के साथ रिश्ते को और गहरा करना चाहते हैं या जीवन में प्यार की बयार बनाए रखना चाहते हैं, तो मंगलवार के दिन मंगल के इस मंत्र का जप करें— ॐ क्रां क्रीं क्रौं स: भौमाय नम:। इस मंत्र का 11 बार जप करें और जप के बाद हनुमान जी को बूंदी के प्रसाद का भोग लगाएं।

कार्यों में सफलता और गति के लिए

यदि आप अपने कामों की गति बनाए रखना चाहते हैं या किसी खास काम की सफलता सुनिश्चित करना चाहते हैं, तो मंगलवार को एक सफेद कोरा कागज और केसरिया सिंदूर लें। सिंदूर में थोड़ा चमेली का तेल मिलाकर सफेद कागज पर भगवान राम का नाम लिखें। राम, राम, राम— इस तरह 11 बार 'राम' नाम लिखें। लिखने के बाद कागज को अच्छी तरह सुखा लें और सूखने पर उसे मोड़कर अपने पर्स में रख लें।

अगर आप किसी विशेष कार्य के लिए बाहर जा रहे हैं और चाहते हैं कि उसमें शत-प्रतिशत सफलता मिले, तो एक नीले रंग का धागा लेकर घर से निकलें और शीशम के पेड़ पर अपना काम कहते हुए वह धागा बांध दें।

बच्चों की रक्षा के लिए

यदि आपका बच्चा अचानक रात को सोते समय डर जाता है या नए लोगों से मिलने-जुलने में घबराता है, तो मंगलवार के दिन श्री हनुमान की उपासना करें। भगवान को केसरिया सिंदूर अर्पित करें और चरणों से लिया गया सिंदूर अपने बच्चे के माथे पर लगाएं।

समाज और राजनीति में रुतबे के लिए

समाज या राजनीति के क्षेत्र में अपनी पहचान और प्रतिष्ठा कायम करने के लिए आर्द्रा नक्षत्र के दौरान मंदिर में तिल या गेहूं से बनी किसी वस्तु का दान करें। यदि यह संभव न हो तो केवल तिल या गेहूं का दान करें।

https://www.indiatv.in/religion/news-mangalwar-upay-bade-mangal-aur-ardra-nakshatra-ka-shubh-sanyog-jarur-karein-ye-asan-upay-dur-hogi-har-pareshani-2026-06-15-1225263