शिमला मनीषा मित्तल हत्याकांड: पुलिस ने 39 घंटे में सुलझाई गुत्थी, हरियाणा से दो शूटर दबोचे

शिमला में मनीषा मित्तल की गोली मारकर हुई हत्या के करीब 39 घंटे बाद पुलिस ने हरियाणा से दो पेशेवर शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हुए मनीषा मित्तल हत्याकांड को पुलिस ने वारदात के करीब 39 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को हरियाणा से धर दबोचा गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान झज्जर निवासी 22 वर्षीय आशीष एहलावत और रोहतक निवासी 25 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पेशेवर शूटर हैं। पुलिस ने इनके पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं।

हरियाणा की गाड़ी पर लगा था हिमाचल का नंबर

मिली जानकारी के मुताबिक, इस वारदात को अंजाम देने के लिए हरियाणा की एक स्विफ्ट कार का इस्तेमाल किया गया था और उस पर हिमाचल प्रदेश का HP-10 नंबर लगाया गया था। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ इससे पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इस बीच, जांच के सिलसिले में पुलिस मनीषा मित्तल के भाई और पति से भी पूछताछ कर रही है। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपियों को हरियाणा से हिमाचल प्रदेश लाया जाएगा। दोनों को मंगलवार को शिमला की जिला अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने क्या जानकारी दी

इस घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि 13.06.2026 की शाम को सूचना मिली कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, शिमला स्थित सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के सामने दो अज्ञात व्यक्तियों ने मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक स्तर पर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने वहां से विभिन्न भौतिक और जैविक साक्ष्य जुटाए।

कैसे हुई आरोपियों की शिनाख्त

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के अलग-अलग पहलुओं का विश्लेषण करने के लिए जिला शिमला पुलिस ने कई विशेष टीमों का गठन किया, ताकि कई दिशाओं में एक साथ जांच आगे बढ़ाई जा सके। इन टीमों को हिमाचल प्रदेश के विभिन्न इलाकों के साथ-साथ हरियाणा समेत दूसरे राज्यों के संभावित ठिकानों पर भी भेजा गया।

पुलिस की विशेष खुफिया इकाइयों को भी सक्रिय कर लगातार सूचनाएं एकत्र की गईं और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए, इलेक्ट्रॉनिक डाटा और सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया तथा डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की गई। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल दोनों आरोपियों की पहचान की गई। जांच में यह भी सामने आया कि हरियाणा के रहने वाले आरोपी एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में शिमला आए थे।

https://www.indiatv.in/crime/himachal-pradesh-shimla-manisha-mittal-murder-case-police-solve-case-in-39-hours-two-shooters-arrested-from-haryana-2026-06-15-1225281