पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। स्कूलों और पंजाब सिविल सचिवालय को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी देने वाले मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है। थाना सेक्टर-17 और थाना सेक्टर-3 की संयुक्त कार्रवाई में 30 वर्षीय सौरव बिस्वास को दबोचा गया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मूल रूप से बांग्लादेश का नागरिक है और पश्चिम बंगाल के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था। उसके खिलाफ पहले से कई साइबर मामले और नेटवर्क की पड़ताल चल रही थी।
कब और किसे मिली थी धमकी
28 जनवरी 2026 को टेंडर हार्ट स्कूल, जीएमएसएसएस सेक्टर-16, जीएमएसएसएस सेक्टर-35 और जीएमएसएसएस सेक्टर-19 को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद थाना सेक्टर-17 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66(F) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके ठीक अगले दिन यानी 29 जनवरी 2026 को पंजाब सिविल सचिवालय को भी इसी तरह की धमकी भरी ई-मेल भेजी गई। इस पर थाना सेक्टर-3, चंडीगढ़ में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
आरोपी तक कैसे पहुंची पुलिस
तकनीकी जांच और ई-मेल के विश्लेषण के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में कामयाब रही। जांच में पता चला कि सौरव बिस्वास फिलहाल पश्चिम बंगाल का निवासी है, जो इससे पहले बांग्लादेश से भारत आया था।
इससे पहले गुजरात के अहमदाबाद की साइबर क्राइम पुलिस भी उसे एक अन्य फर्जी बम धमकी मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। चंडीगढ़ पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट हासिल कर 2 जून 2026 को उसे अपनी हिरासत में लिया और आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया।
जांच में और क्या खुलासे हुए
पड़ताल में सामने आया कि सौरव तकनीकी रूप से दक्ष फ्रीलांसर है, जो ऑनलाइन वेब डिजाइनिंग और एनीमेशन से जुड़ी सेवाएं देता था। इसके साथ ही वह अलग-अलग फेसबुक पेजों के जरिए जीमेल अकाउंट खरीदने और बेचने का धंधा भी करता था।
जांच के मुताबिक आरोपी ने करीब 300 जीमेल अकाउंट खरीदे थे, जिनमें से 219 अकाउंट उसने बांग्लादेश के एक व्यक्ति को बेच दिए। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन अकाउंट्स का इस्तेमाल किन-किन गतिविधियों में हुआ और इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की क्या भूमिका रही।
कई शहरों में दर्ज हैं मामले
चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दिल्ली के सिविल लाइंस थाना, स्पेशल सेल दिल्ली और साइबर थाना द्वारका में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल मामला जांच के दायरे में है और पुलिस को इस पूरे नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासों की उम्मीद है।
https://hindi.news18.com/news/punjab/chandigarh-punjab-bangladeshi-sourav-biswas-arrested-for-bomb-threats-to-schools-and-secretariat-in-punjab-ws-dl-10572358.html