पटना वीमेंस कॉलेज में ड्रेस कोड को लेकर अहम बदलाव, अब पैंट-शर्ट का भी विकल्प

पटना वीमेंस कॉलेज ने नए शैक्षणिक सत्र से छात्राओं को यूनिफॉर्म चुनने की छूट दी है। अब वे पैंट-शर्ट या सलवार-सूट में से किसी एक विकल्प को अपनी सुविधा के अनुसार चुन सकेंगी।

राजधानी के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में गिने जाने वाले पटना वीमेंस कॉलेज ने नए शैक्षणिक सत्र से अपने ड्रेस कोड में एक बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। कॉलेज प्रशासन ने अब छात्राओं को यूनिफॉर्म के चयन में पहले से अधिक विकल्प देने का फैसला किया है। इस नई व्यवस्था के तहत छात्राएं अपनी सुविधा के अनुसार पैंट-शर्ट या सलवार-सूट, किसी भी निर्धारित यूनिफॉर्म में कॉलेज आ सकेंगी।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सलवार-सूट पहनने पर किसी तरह की कोई रोक नहीं लगाई गई है। छात्राओं को दोनों निर्धारित परिधानों में से किसी एक को चुनने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है। कॉलेज प्रबंधन के मुताबिक यह कदम परिसर में एकरूपता, अनुशासन और पेशेवर शैक्षणिक माहौल को और मजबूत बनाने के मकसद से उठाया गया है।

प्रशासन का मानना है कि ड्रेस कोड में विकल्प बढ़ने से जहां छात्राओं को सहूलियत मिलेगी, वहीं संस्थान की अनुशासित पहचान भी पहले की तरह बनी रहेगी।

सभी पाठ्यक्रमों की छात्राओं पर लागू होगी व्यवस्था

कॉलेज की ओर से जारी निर्देश के अनुसार यह व्यवस्था स्नातक और स्नातकोत्तर समेत सभी पाठ्यक्रमों की छात्राओं पर समान रूप से लागू की गई है। छात्राएं अपनी पसंद और सुविधा के अनुसार पैंट-शर्ट या सलवार-सूट में कॉलेज आ सकेंगी, बशर्ते वह परिधान कॉलेज द्वारा तय किए गए यूनिफॉर्म के अनुरूप हो।

प्राचार्य ने की नियमों के पालन की अपील

कॉलेज की प्राचार्य सिस्टर रश्मि ने छात्राओं से नए ड्रेस कोड का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह फैसला छात्राओं की सुविधा और संस्थान की गरिमा, दोनों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने सभी छात्राओं से उम्मीद जताई कि वे निर्धारित नियमों का पालन करेंगी और कॉलेज के अनुशासित माहौल को बनाए रखने में सहयोग देंगी।

छात्राओं के लिए सकारात्मक कदम

कॉलेज के इस निर्णय को छात्राओं के लिए एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। यूनिफॉर्म के दो विकल्प मिलने से छात्राएं अपनी सहजता और जरूरत के मुताबिक परिधान का चुनाव कर सकेंगी। यह बदलाव नए शैक्षणिक सत्र से कॉलेज परिसर में देखने को मिलेगा।

https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-patna-women-college-dress-code-pant-shirt-allowed-with-salwar-suit-local18-10573490.html