उम्र 37, मगर दिखती हैं 24 की: चेहरे की चमक के पीछे ये 5 आदतें, अपनाएं तो आपको भी मिलेगा निखार

सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर कैत्लियान का दावा है कि 37 साल की उम्र में उनकी बायलॉजिकल उम्र महज 24.5 साल है। इस जवां सेहत और दमकते चेहरे का राज वे अपनी पांच रोजमर्रा की आदतों को मानती हैं।

आजकल 30 की उम्र पार करते ही कई लोगों के चेहरे की रौनक फीकी पड़ने लगती है। ऐसे में अगर कोई 37 साल का होकर भी 24 का दिखे, तो जिज्ञासा होना स्वाभाविक है। सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर कैत्लियान ने ठीक यही दावा किया है। उनके मुताबिक 37 साल की होने और एक मां बनने के बावजूद, मेडिकल चेकअप में उनकी बायलॉजिकल उम्र सिर्फ 24.5 साल निकली। यानी असल उम्र से करीब 13 साल कम।

कैत्लियान का कहना है कि उनका लिवर 24 साल का है और शरीर में इंफ्लामेशन का मार्क जीरो है। बायलॉजिकल उम्र दरअसल शरीर के अंदरूनी अंगों की उम्र दर्शाती है। जब अंदरूनी अंग वास्तविक उम्र से जवान होते हैं, तो उसकी झलक चेहरे की चमक में साफ दिखाई देती है। वे मानती हैं कि इस सेहत के पीछे उनकी पांच आदतें हैं, जिनसे वे किसी भी हाल में समझौता नहीं करतीं।

सुबह की शुरुआत दो गिलास पानी से

कैत्लियान दिन की शुरुआत दो गिलास पानी पीकर करती हैं। इसके लिए वे कोई सख्त नियम नहीं बनातीं। न तो खाली पेट पीना जरूरी है और न ही पानी को गुनगुना करना; बस सामान्य सादा पानी पीना काफी है। सुबह पानी पीने से शरीर हाइड्रेट रहता है, मेटाबोलिज्म तेज होता है और सतर्कता बढ़ती है। यही वजह है कि वे सुबह-सुबह दो गिलास पानी पीना कभी नहीं भूलतीं।

हर निवाले में प्रोटीन

कैत्लियान चाहे जितनी बार भी खाना खाएं, हर बार उसमें पर्याप्त प्रोटीन जरूर रहता है। उनकी डाइट में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा बहुत कम और प्रोटीन की सबसे ज्यादा होती है। उनके अनुसार, ज्यादा प्रोटीन वाला भोजन सबसे पहले शरीर में शुगर नहीं बढ़ने देता, फिर बार-बार भूख नहीं लगने देता, और साथ ही मसल्स को बनाए रखकर मेटाबोलिज्म को बूस्ट करता है।

प्रोटीन इसलिए भी अहम है क्योंकि यह शरीर के टूटे-फूटे टिशूज की मरम्मत करता है और मसल्स ग्रोथ के लिए जरूरी है। यह इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाता है तथा कई महत्वपूर्ण हार्मोन और एंजाइम का निर्माण करता है। कैत्लियान कहती हैं कि हर निवाले में प्रोटीन जोड़ना बेहद आसान है। अंडा, छाछ, चिकन, फिश, स्प्रॉउट, दूध, दही, सीड्स और ड्राई फ्रूट्स जैसी चीजों को किसी भी भोजन में शामिल किया जा सकता है।

एक्सरसाइज में आनंद जरूरी

कैत्लियान का मानना है कि रोजाना एक्सरसाइज जरूरी है, मगर जब तक उसमें आनंद न आए, उसका कोई फायदा नहीं। शरीर की हलचल के लिए जिम में घंटों पसीना बहाना अनिवार्य नहीं है; ध्यान बस इतना रखना है कि शरीर लगातार हरकत में रहे। एक ही जगह बैठे रहने से शरीर निष्क्रिय हो जाता है, इसलिए जहां भी रहें, खुद को हिलाते-डुलाते रहें।

वे बताती हैं कि कभी वे लिफ्टिंग करती हैं, कभी रनिंग, तो कभी डिनर के बाद वॉक पर निकल जाती हैं। उनका सुझाव है कि बिना किसी गिल्ट के जैसा बन सके, वैसे एक्सरसाइज का आनंद लें और कोशिश करें कि सप्ताह में 150 मिनट तक व्यायाम हो जाए।

हर हाल में अच्छी नींद

जवानी बरकरार रखने में नींद की भूमिका बहुत बड़ी है, इसलिए कैत्लियान नींद के साथ कोई समझौता नहीं करतीं। अच्छी नींद के लिए सुकून भी जरूरी है, लिहाजा वे हर रोज 7 से 9 घंटे की सुकून भरी नींद लेती हैं। एक खास बात यह कि वे रोजाना एक ही समय पर सोती हैं और इसे आदत बना चुकी हैं। सुकून भरी नींद के दौरान शरीर की मरम्मत होती है, जिससे इंफ्लामेशन नहीं होता और हार्मोन संतुलित रहते हैं।

हर दिन को बेहतरीन मानें

कैत्लियान कहती हैं कि लोग जिंदगी भर इसी इंतजार में रहते हैं कि कुछ दिनों में अच्छा दिन आएगा, पर वह दिन कभी नहीं आता। हर किसी के जीवन में बुरे दिन आते हैं, मगर अच्छे दिन की प्रतीक्षा में आज को क्यों बर्बाद करें। बेहतर है यह सोचें कि आज का दिन ही सबसे शानदार है।

उनके मुताबिक, इस सोच से जीवन में तनाव नहीं रहता और इंसान चिंता मुक्त हो जाता है। जो हो रहा है, उसे अच्छा मानकर बस अपना काम करते रहें; अगर कुछ बुरा भी हो रहा है तो उसमें भी कुछ अच्छा छिपा है। कभी यह न सोचें कि एक दिन बूढ़े हो जाएंगे, बल्कि यह विश्वास रखें कि हम हमेशा जवान रहेंगे, बुढ़ापे में भी।

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/tips-and-tricks-she-is-actually-37-but-looks-like-24-years-younger-her-skin-glowing-secret-5-habits-that-stay-young-ws-n-10573163.html