रसमलाई एक ऐसी मिठाई है जिसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है और यह हर उम्र के लोगों की पसंदीदा होती है। आमतौर पर इसे बनाने में दूध फाड़ने और छेना तैयार करने की लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है, लेकिन आज हम आपको पारंपरिक तरीका नहीं बल्कि ब्रेड से रसमलाई बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। इसे बनाने के लिए न तो दूध फाड़ने की मेहनत करनी पड़ती है और न ही छेना बनाने का झंझट उठाना पड़ता है। स्वाद में यह लाजवाब होती है और बनाने में भी बेहद आसान है। आइए जानते हैं इसकी पूरी विधि।
ब्रेड रसमलाई बनाने की सामग्री
- फुल फैट दूध – 1 लीटर
- कंडेंस्ड मिल्क – आधा कप
- खोया – आधा कप
- कटे हुए काजू – मुट्ठी भर
- कटे हुए बादाम – मुट्ठी भर
- कटे हुए पिस्ते – मुट्ठी भर
- इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच
- केसर – चुटकी भर
- गुलाब जल – 1 बड़ा चम्मच
- ब्रेड स्लाइस – 12 पीस
ब्रेड रसमलाई बनाने की विधि
पहला स्टेप
सबसे पहले एक लीटर फुल फैट दूध को गैस पर गर्म होने के लिए रख दें। इसमें आधा कप कंडेंस्ड मिल्क भी मिला दें। इससे न सिर्फ स्वाद और भी बेहतर हो जाता है, बल्कि दूध जल्दी गाढ़ा भी हो जाता है।
दूसरा स्टेप
जब दूध गाढ़ा होने लगे तो इसमें बारीक कटे हुए काजू, बादाम, पिस्ता, इलायची पाउडर और चुटकी भर केसर डालकर अच्छी तरह मिला लें। अगर आप रंग चाहते हैं तो इसमें फूड कलर डाल सकते हैं और फूड कलर न होने पर चुटकी भर हल्दी का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। जब दूध गाढ़ा होकर रबड़ी जैसा बन जाए तो गैस बंद कर दें।
तीसरा स्टेप
अब ब्रेड लें और उसे किसी बाउल या गिलास की मदद से गोल आकार में काट लें। इसके बाद आधा कप खोया लेकर उसे अच्छी तरह मसल लें। चाहें तो खोया में भी थोड़ा पिस्ता मिला सकते हैं।
चौथा स्टेप
एक ब्रेड स्लाइस के ऊपर मावा का मिश्रण रखें और फिर उस पर खोया रखकर अच्छी तरह फैला दें। अब इसके ऊपर एक और ब्रेड स्लाइस रख दें। दोनों स्लाइस को आपस में चिपकाने के लिए थोड़ा पानी इस्तेमाल किया जा सकता है। जब दोनों अच्छी तरह चिपक जाएं तो इन्हें एक गहरे बर्तन में रख दें।
पांचवां स्टेप
अब जिस बर्तन में ब्रेड स्लाइस रखी है, उसमें तैयार रबड़ी डाल दें। आपकी ब्रेड रसमलाई बनकर तैयार है। इसे ठंडा-ठंडा सर्व करें।
https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/no-need-to-curdle-milk-or-make-chenna-prepare-soft-and-delicious-rasmalai-using-bread-note-recipe-2026-06-15-1225226