275 दिन बाद वापसी को तैयार नीरज चोपड़ा, इस तारीख को दोहा डायमंड लीग में दिखेंगे एक्शन में

ओलंपिक में दो पदक जीतने वाले भारतीय भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा 19 जून को दोहा डायमंड लीग के साथ मैदान पर लौटेंगे। यह उनकी 275 दिन के अंतराल के बाद की वापसी होगी।

भारत के दिग्गज भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा एक बार फिर प्रतिस्पर्धी मैदान में उतरने को तैयार हैं। ओलंपिक में दो पदक अपने नाम कर चुके इस एथलीट ने 19 जून को होने वाली दोहा डायमंड लीग के जरिए वापसी का फैसला किया है। खास बात यह है कि वह पूरे 275 दिनों के अंतराल के बाद दोबारा प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। साल 2025 की वर्ल्ड चैंपियनशिप में आठवें स्थान पर रहने के बाद से उन्होंने किसी भी प्रतिस्पर्धा में भाग नहीं लिया था। उल्लेखनीय है कि नीरज ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण और पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक हासिल किया था।

पिछले सीजन दोहा में पार किया था 90 मीटर का आंकड़ा

नीरज चोपड़ा को एक बार फिर दोहा डायमंड लीग के लिए चुना गया है, जहां बीते साल उन्होंने 90 मीटर से अधिक दूरी तक भाला फेंका था। हरियाणा के इस खिलाड़ी इस समय अपने फिजियो और कोच के साथ स्विट्जरलैंड में 47 दिनों की कठिन ट्रेनिंग में जुटे हुए हैं। इसके अलावा आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स की भारतीय टीम में भी उनका नाम शामिल किया गया है। हालांकि इस आयोजन में अपनी जगह सुनिश्चित करने के लिए उन्हें भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के नियमों के अनुसार कम से कम 82.61 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर क्वालिफाई करना होगा।

कॉमनवेल्थ गेम्स में भी संभावित है भागीदारी

अगले महीने ग्लास्गो में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन होने जा रहा है। यदि नीरज चोपड़ा इसमें भाग लेते हैं, तो भाला फेंक स्पर्धा में भारत की ओर से कुल तीन खिलाड़ी मैदान में होंगे। शेष दो खिलाड़ी रोहित यादव और यशवीर सिंह पहले ही इसके लिए क्वालिफाई कर चुके हैं। दूसरी ओर, आने वाली दोहा डायमंड लीग में भी दुनिया के नामी खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिलेगा। इस आयोजन में पूर्व ओलंपिक चैंपियन केशोर्न वालकॉट (त्रिनिदाद और टोबैगो) और श्रीलंका के रूमेश तरंगा पथिरागे जैसे बड़े नाम हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि पेरिस ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता और पाकिस्तान के स्टार खिलाड़ी अरशद नदीम इस बार दोहा डायमंड लीग में नजर नहीं आएंगे।

मैदान में उतरेंगे भाला फेंक के कई शीर्ष एथलीट

इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 86.08 मीटर), अमेरिका के कुर्टिस थॉम्पसन (85.33 मीटर) और चेक गणराज्य के याकूब वालेश (85.24 मीटर) के नाम शामिल हैं। वहीं दोहा में हुए पिछले मुकाबले में नीरज चोपड़ा ने 90.23 मीटर का शानदार थ्रो किया था, लेकिन जर्मनी के जूलियन वेबर ने अपने अंतिम यानी छठे प्रयास में 91.06 मीटर दूर भाला फेंककर खिताब अपने नाम कर लिया था।

https://www.indiatv.in/sports/other-sports/neeraj-chopra-returns-to-action-after-275-days-to-begin-season-at-doha-diamond-league-2026-06-15-1225238