पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी चंडीगढ़ के सेक्टर 11 स्थित कुमार मेडिकल स्टोर में हुए कैशियर हत्याकांड में पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है। हालांकि अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हैं।
मृतक जानकी दास लंबे समय से कुमार मेडिकल स्टोर में काम कर रहे थे और चंडीगढ़ के धनास इलाके में रहते थे। वे हिमाचल प्रदेश की एक महिला प्रधान के पति थे।
जम्मू-कश्मीर से जुड़े आरोपियों के तार
मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के अनुसार इस वारदात में शामिल आरोपी जम्मू-कश्मीर से संबंध रखते हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि यह पहला मौका है जब जम्मू और कश्मीर से आकर शूटरों ने यहां इस तरह की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
पुलिस के भरोसेमंद सूत्रों की मानें तो चंडीगढ़ पुलिस लगभग आरोपियों की पहचान कर चुकी है और उम्मीद जताई जा रही है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटनास्थल पर लौटी रौनक, दुकानदारों को रंगदारी के कॉल
सोमवार को घटनास्थल का जायजा लिया गया, जहां दो दिन पहले ताबड़तोड़ फायरिंग में जानकी दास की हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद से सेक्टर-11 की कैमिस्ट मार्केट के दुकानदारों को रंगदारी की कॉल आ रही हैं, जिसके चलते दुकानों के बाहर पुलिस सुरक्षा तैनात कर दी गई है।
जिस कुमार मेडिकोस दुकान पर फायरिंग हुई थी, वह अब खुली हुई है और खुद मालिक वहां बैठे नजर आ रहे हैं। बाजार में सामान्य चहल-पहल लौट आई है और लोगों का आना-जाना जारी है।
शनिवार दोपहर हुई थी वारदात
उल्लेखनीय है कि शनिवार को करीब ढाई बजे दो शूटरों ने दुकान के कैशियर को गोलियां मारी थीं और मौके से फरार हो गए थे। आरोपी बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात के बाद वहां से भाग निकले।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बस स्टैंड के सामने खजेड़ी में नए कपड़े खरीदे, फिर एक नाई की दुकान में कपड़े बदले और भाग गए। इसके बाद उन्होंने बस स्टैंड से बस पकड़ी और फरार हो गए। अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
हिमाचल के रहने वाले थे जानकी दास
पोस्टमार्टम के बाद जानकी दास का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। वे मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू स्थित दलगांव के रहने वाले थे और पिछले 24 साल से इसी दुकान में काम कर रहे थे।
https://hindi.news18.com/news/haryana/chandigarh-city-breaking-news-sector-11-medical-store-cashier-murder-shooters-identified-linked-to-jammu-and-kashmir-local18-ws-l-10572002.html