रूसी मिसाइल हमलों से दहला यूक्रेन: कीव के प्राचीन धार्मिक स्थल में लगी आग, खारकीव में 5 बचावकर्मियों की जान गई, 13 घायल

रूस ने सोमवार को यूक्रेन पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से कई हमले किए, जिनमें खारकीव में 5 बचावकर्मियों की मौत हो गई और कीव में 13 लोग घायल हुए। राजधानी की एक ऐतिहासिक धार्मिक इमारत में भी भीषण आग लग गई।

रूस-यूक्रेन युद्ध का सिलसिला अब भी जारी है। सोमवार को रूस ने यूक्रेन पर एक के बाद एक कई बड़े हमले किए। इन हमलों में खारकीव शहर में 5 बचावकर्मियों की मौत हो गई, जबकि राजधानी कीव में कम से कम 13 लोग घायल हुए। हमलों के चलते कई इमारतों के साथ-साथ देश के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में से एक में भी भयानक आग भड़क उठी।

आग बुझाते समय हुआ दूसरा हमला

गृह मंत्री इहोर क्लिमेनको के अनुसार, खारकीव में बचावकर्मी रूस के एक हमले से लगी आग पर काबू पाने में जुटे थे, तभी दूसरा हमला हुआ और उसी में इन कर्मियों की जान चली गई। उन्होंने यह भी बताया कि कम से कम पांच अन्य आपातकालीन कर्मचारी भी इस हमले में घायल हुए हैं।

पहले बैलिस्टिक मिसाइलें, फिर ड्रोन हमले

कीव में सबसे पहले बैलिस्टिक मिसाइलों की बौछार की गई और उसके बाद 'शाहिद' ड्रोन से हमले किए गए। इन हमलों से उठे जबरदस्त धमाकों की गूंज पूरे शहर में सुनाई दी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने बंकरों में पनाह ली, वहीं प्रशासन ने नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की अपील की।

बुनियादी ढांचे को भारी क्षति

क्लिमेनको ने कहा, 'कीव पर मुख्य हमला हुआ है और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।' कीव शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख टिमुर त्काचेंको ने जानकारी दी कि राजधानी में एक बच्चे सहित कुल 13 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आधे घंटे से कम समय में 5 हमले

त्काचेंको ने बताया कि शेवचेंकिव्स्की जिले में 30 मिनट से भी कम समय के भीतर 5 हमले हुए, जिनकी चपेट में 25 मंजिला आवासीय इमारत भी आ गई, जबकि एक बाजार और एक किराना दुकान में आग लग गई। इसके अलावा ओबोलोन्स्की जिले में 9 मंजिला रिहायशी इमारत भी हमले की जद में आई।

रिहायशी इमारतों को जानबूझकर बनाया गया निशाना

त्काचेंको ने रूस पर आरोप लगाया कि उसने जानबूझकर आवासीय इमारतों को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा, 'यह रूस का सोचा-समझा और जानबूझकर लिया गया फैसला है।'

यूक्रेन के ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रमुख मेट्रोपॉलिटन एपिफेनियस ने बताया कि रातभर चले हमले में 'डॉर्मिशन कैथेड्रल' की छत में आग लग गई। उन्होंने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे 'इंसानियत, इतिहास और ईसाई धर्म के खिलाफ' रूस का एक और अपराध करार दिया और इस ऐतिहासिक स्थल को बचाने की अपील की।

https://www.indiatv.in/world/europe/russian-attack-on-ukraine-fire-at-centuries-old-religious-site-in-kyiv-following-many-killed-in-kharkiv-2026-06-15-1225173