समस्तीपुर में घर में सोते युवक पर खिड़की से अंधाधुंध फायरिंग, सीने में पांच गोली लगने से मौत

बिहार के समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में देर रात अज्ञात बदमाशों ने घर में सो रहे मोनू झा पर खिड़की से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। सीने में पांच गोली लगने से युवक की मौत हो गई।

बिहार के समस्तीपुर में देर रात एक युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। आरोप है कि अज्ञात हमलावरों ने रात के समय अपने घर में सो रहे युवक पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, जिससे उसके सीने में पांच गोली लगीं। यह वारदात समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के मोरवा डीह में हुई। यहां वार्ड संख्या-11 में मोनू झा नाम के युवक को अपराधियों ने गोलियों से भून डाला। मृतक की पहचान प्रमोद झा के बेटे मोनू झा उर्फ मास्टर के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताई वारदात की कहानी

मृतक के परिवार वालों के मुताबिक उस रात मोनू झा अपने घर में सो रहा था। इसी बीच देर रात बदमाशों ने खिड़की की ओर से उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि मोनू को कुल पांच गोलियां लगीं। गोली लगते ही परिजन और आसपास के लोग आनन-फानन में उसे इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही मुसरीघरारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की पड़ताल में जुट गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी ने दी जानकारी

इस मामले को लेकर एसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के मोरवा में बीती रात मोनू झा उर्फ मास्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों ने हत्या कर भाग रहे बदमाशों की पहचान बताई है, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मृतक का भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह कुछ दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। घटनास्थल पर डीआईयू और एफएसएल की टीम पहुंची है तथा वहां से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

इलाके में दहशत का माहौल

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं इस वारदात के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

https://www.indiatv.in/bihar/five-bullets-fire-shot-into-young-man-chest-in-samastipur-bihar-while-he-slept-men-killed-in-firing-2026-06-15-1225153