घूमने-फिरने का शौक हर किसी को होता है, लेकिन कई बार सीमित बजट इस सपने पर ब्रेक लगा देता है। अगर आपके साथ भी ऐसा है तो परेशान होने की जरूरत नहीं। रांची के आसपास कुछ ऐसी जगहें मौजूद हैं, जहां की हरियाली और प्राकृतिक नजारे किसी भी हिल स्टेशन को टक्कर देते हैं। खास बात यह है कि उलातू गांव, गगरी हिल्स और सुपा गांव जैसी इन जगहों को आप सिर्फ ₹500 के खर्च में आराम से घूम सकते हैं। यहां के दृश्य इतने मनमोहक हैं कि आपके पार्टनर, दोस्त या परिवार के सदस्य का मन खिल उठेगा।
उलातू गांव: जहां मिलती है कश्मीर जैसी फीलिंग
शादियों का मौसम चल रहा है और अक्सर शादी के बाद लोग सैर-सपाटे की योजना बनाते हैं। बजट कम होने की चिंता है तो रांची के उलातू गांव का रुख कर सकते हैं। यहां की सुंदरता किसी भी मायने में कश्मीर से कम नहीं है। यहां पहुंचने वाले सैलानी अक्सर कहते हैं कि उन्हें कुछ-कुछ पहलगाम जैसी अनुभूति होती है।
गगरी हिल्स: रांची का सबसे ऊंचा बिंदु
इसके बाद आप रांची से 20 किलोमीटर की दूरी पर बसे गगरी हिल्स जा सकते हैं, जिसे रांची का सबसे ऊंचा स्थान माना जाता है। पहाड़ों के बीच इस ऊंचे शिखर पर भगवान शिव का मंदिर स्थापित है। श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना और भक्ति के लिए आते हैं और आसपास की खूबसूरती देखकर मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। यहां आकर आप भी महादेव का आशीर्वाद ले सकते हैं।
सुपा गांव: नंकारी नदी और छिपा हुआ नजारा
तीसरी जगह है रांची का सुपा गांव, जहां की सुंदर नंकारी नदी देखने दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं। यहां एक पतली-सी नदी बहती है, जिसका पानी एकदम साफ है और चारों ओर घना जंगल फैला हुआ है। बीचों-बीच बहती पानी की महीन धारा का नजारा इतना खूबसूरत है कि आपको लगेगा मानो आप बॉलीवुड के किसी फिल्मी सेट पर पहुंच गए हों।
जंगल में ट्रेन की आवाज और कृष्ण नगरी का एहसास
इस जंगल के बीच आपको ट्रेन की आवाज भी सुनाई देगी। यहां से गुजरने वाला रेलवे ट्रैक उस वक्त बेहद आकर्षक दिखता है जब ट्रेन इसे पार करती है। शाम के समय गाय चराते लोगों को देखकर ऐसा लगता है जैसे आप किसी कृष्ण नगरी में आ गए हों। यह एक हिडन स्पॉट है, जिसे अब लोग धीरे-धीरे एक्सप्लोर करने लगे हैं।
₹500 में कैसे पूरा होगा सफर
सबसे बड़ी बात यह है कि इन तीनों जगहों की सैर आप बड़ी आसानी से ₹500 के बजट में पूरी कर सकते हैं। मोटे तौर पर बस ₹200 का पेट्रोल भरवाइए और निकल पड़िए—इतने में ही तीनों जगहों का चक्कर आराम से लग जाएगा। यहां खाने-पीने का भी बढ़िया इंतजाम है। चाहें तो होटल या रेस्टोरेंट का रुख कर सकते हैं। कई लोग यहां पिकनिक मनाते हैं और घर से गैस लाकर मैगी वगैरह बनाकर भी आनंद लेते हैं।
https://hindi.news18.com/photogallery/jharkhand/ranchi-best-places-to-visit-under-500-near-city-local18-ws-l-10571024.html