हिमाचल में 24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या, चंबा में पुल के नीचे मिला 26 वर्षीय युवक का शव, भड़के ग्रामीण, तीन आरोपी हिरासत में

शिमला के बाद अब चंबा जिले की चुराह वैली में 26 वर्षीय हरविन्द्र सिंह का शव कल्हेल पुल के नीचे मिला। परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए सड़क जाम कर दी, जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया।

हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। महज चौबीस घंटे के अंदर राज्य में दूसरी हत्या की वारदात सामने आई है। शिमला के संजौली के बाद अब चंबा जिले की चुराह वैली में एक युवक की जान ले ली गई। मृतक का शव एक पुल के नीचे से बरामद हुआ, जिसके बाद इलाके में भारी हंगामा देखने को मिला।

पुल के नीचे मिला युवक का शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर स्थित कल्हेल पुल के नीचे 26 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान हरविन्द्र सिंह (26) के रूप में हुई, जो गांव राख मलोगा, डाकघर कल्हेल, तहसील चुराह का रहने वाला था। युवक की मौत की खबर फैलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध करार देते हुए इसे हत्या का मामला बताया। उनका आरोप था कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में ही कल्हेल पुल पर यातायात रोक दिया और जमकर नारेबाजी की। करीब तीन घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा।

थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि परिजनों ने चक्का जाम किया था। जब पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के जरिये पूरे मामले की जांच कराने का भरोसा दिलाया, तब जाकर लोग शांत हुए और चक्का जाम समाप्त किया।

तीन आरोपी हिरासत में, गाड़ी बरामद

देर शाम हुए घटनाक्रम में पुलिस ने हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया और एक गाड़ी भी बरामद कर ली। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे के असल कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।

शिमला में भी हुई थी वारदात

उल्लेखनीय है कि इससे पहले शनिवार को शिमला के संजौली में एक निजी स्कूल की संचालिका की दो नकाबपोश हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गए थे। उस मामले में अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं।

https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/chamba-after-shimla-now-youth-murdered-in-churah-valley-villagers-blocked-road-three-accused-detained-local18-ws-l-10570936.html