स्लोवाकिया में पीएम मोदी का ब्रेड और नमक से पारंपरिक स्वागत, जानें इस अनोखी परंपरा का मतलब

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने ऐतिहासिक स्लोवाकिया दौरे पर राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंचे, जहां उनका ब्रेड और नमक की पारंपरिक रीति से स्वागत किया गया। 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने स्लोवाकिया दौरे के सिलसिले में देश की राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंच गए हैं। होटल पहुंचने पर वहां मौजूद लोगों ने बेहद गर्मजोशी और जोश के साथ उनका अभिवादन किया। बड़ी तादाद में जुटे भारतीय समुदाय के लोगों ने 'मोदी-मोदी' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए।

ब्रेड और नमक के साथ हुआ अभिवादन

ब्रातिस्लावा पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का ब्रेड और नमक के साथ पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। स्लोवाक संस्कृति में यह रीति मेहमाननवाज़ी, सम्मान और सद्भावना की प्रतीक मानी जाती है।

दोस्ती और सुरक्षा की प्रतीक है यह रीति

इस परंपरा में ब्रेड को समृद्धि और जीवन के पोषण का प्रतीक माना जाता है, जबकि नमक मूल्य, मित्रता और सुरक्षा का प्रतिनिधित्व करता है। इस रिवाज की जड़ें स्लाव परंपराओं में बेहद गहराई तक फैली हैं और यह दर्शाता है कि स्लोवाक लोग अतिथियों के गर्मजोशी भरे स्वागत तथा घर और समुदाय की खुशियों को बांटने को कितनी अहमियत देते हैं। इसके साथ ही लुचनिका एन्सेम्बल ने 'वंदे मातरम' की प्रस्तुति देकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया।

स्वतंत्र स्लोवाकिया में कदम रखने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री

यह दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक है। साल 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा है, जिसे लेकर वहां बसे भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

पीएम फिको और राष्ट्रपति पेलेग्रिनी से होगी मुलाकात

अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से मुलाकात करेंगे। इस मौके पर दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, ऑटोमोबाइल और रेलवे निर्माण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर बातचीत होगी।

महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट की प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध हुए पीएम

ब्रातिस्लावा में होटल पहुंचने पर स्लोवाकिया के संगीत समूह 'महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट' ने एक आध्यात्मिक प्रस्तुति दी, जिसे सुनकर प्रधानमंत्री मोदी भी मंत्रमुग्ध हो उठे। इस दौरान भारतीय समुदाय के लोगों में खासा उत्साह नजर आया।

इससे पहले फ्रांस में मैक्रों से हुई मुलाकात

स्लोवाकिया पहुंचने से पहले फ्रांस में प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मुलाकात हुई थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर अभिवादन किया। साथ ही भारत और फ्रांस के बीच ऐतिहासिक विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई।

भारत और फ्रांस के बीच हुए 19 से अधिक समझौते

इस मौके पर दोनों देशों के बीच रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा और डिजिटल तकनीक समेत 19 से अधिक अहम समझौतों पर सहमति बनी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस ने मिलकर इनोवेशन रोडमैप 2030 को लागू किया है, जो दोनों देशों की तरक्की का रास्ता तैयार करेगा।

https://www.indiatv.in/world/around-the-world/pm-modi-receives-traditional-bread-and-salt-welcome-arrival-in-slovakia-know-significance-this-custom-2026-06-15-1225111