अमेरिका में उड़ान भरते ही गिरा स्काईडाइविंग विमान, पायलट और 11 स्काईडाइवर समेत 12 की मौत

अमेरिका के मिसौरी राज्य में रविवार को बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक छोटा स्काईडाइविंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई।

अमेरिका के मिसौरी राज्य में रविवार को एक छोटा विमान उड़ान भरने के कुछ ही पलों बाद हादसे का शिकार हो गया। रोमांच से भरे जिस सफर के लिए यह विमान आसमान की ओर बढ़ा था, वह कुछ ही देर में मातम में बदल गया। टेकऑफ के थोड़ी देर बाद हुए इस भीषण हादसे में विमान पर सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई।

मिसौरी स्टेट हाईवे पेट्रोल के अनुसार, यह दुर्घटना बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट के नजदीक हुई। बटलर शहर कैनसस सिटी से करीब 60 मील दक्षिण की ओर स्थित है। शुरुआती जानकारी में बताया गया कि विमान में सवार किसी भी व्यक्ति की जान नहीं बच सकी।

11 स्काईडाइवर और एक पायलट की गई जान

बेट्स काउंटी इमरजेंसी मैनेजमेंट के प्रवक्ता ने स्थानीय टीवी चैनल फॉक्स-4 को बताया कि मृतकों में 11 स्काईडाइवर और विमान का पायलट शामिल हैं। ये सभी लोग एक स्काईडाइविंग मिशन पर निकले थे। विमान उड़ान भरने के बाद अपनी निर्धारित ऊंचाई तक पहुंचने ही वाला था, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।

टेकऑफ के तुरंत बाद हुआ हादसा

अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान पैसिफिक एयरोस्पेस पी-750 मॉडल का था। यह विमान रविवार सुबह करीब 11:35 बजे बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट से उड़ान भर रहा था। FAA ने बताया कि हादसे के समय वहां एयर ट्रैफिक कंट्रोल की कोई सेवा उपलब्ध नहीं थी।

जांच में जुटीं एजेंसियां

दुर्घटना के असली कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। FAA ने कहा है कि इस हादसे की मुख्य जांच अब नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) करेगा। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि हादसे के पीछे विमान में कोई तकनीकी खराबी थी, मौसम की कोई भूमिका थी या फिर कोई दूसरा कारण जिम्मेदार रहा।

फिलहाल दुर्घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया गया है और मलबे की बारीकी से जांच की जा रही है।

https://hindi.news18.com/world/america-missouri-plane-crash-skydivers-killed-after-takeoff-butler-airport-10570777.html