8.5 IMDb रेटिंग वाली वो क्राइम-थ्रिलर सीरीज, जिसमें 17 साल के लड़के ने रचा 'असुर' का खौफ; 16 में से एक भी एपिसोड मिस करना मुश्किल

तीन साल पहले रिलीज हुई क्राइम-थ्रिलर सीरीज 'असुर' आज भी दर्शकों की पसंदीदा बनी हुई है। इसमें महज 17 साल की उम्र में विशेष बंसल ने अपने दमदार अभिनय से अरशद वारसी और बरुण सोबती जैसे कलाकारों पर भारी छाप छोड़ी।

ओटीटी के शौकीन दर्शकों के बीच किसी न किसी दमदार सीरीज या फिल्म की चर्चा हमेशा बनी रहती है। इनमें भी क्राइम-थ्रिलर का जॉनर देखने वालों को सबसे ज्यादा लुभाता है। आज हम आपको एक ऐसी ही जबरदस्त क्राइम-थ्रिलर के बारे में बता रहे हैं, जिसे रिलीज हुए तीन साल बीत चुके हैं, फिर भी यह आज तक दर्शकों की पसंदीदा सूची में शामिल है। अब तक इसके दो सीजन आ चुके हैं और दोनों ने ही दर्शकों के बीच जबरदस्त धमाल मचाया। इस सीरीज का नाम है 'असुर', जिसमें सस्पेंस और रोमांच का तड़का इतना तगड़ा है कि एक बार देखना शुरू करने वाला दर्शक सारे एपिसोड खत्म करके ही दम लेता है। इसमें नजर आए विशेष बंसल ने महज 17 साल की उम्र में अपने अभिनय के बूते अरशद वारसी और बरुण सोबती जैसे मंझे हुए कलाकारों पर भारी पड़ने का कमाल कर दिखाया।

'असुर' की कहानी किस बारे में है?

'असुर' का पहला सीजन मार्च 2020 में रिलीज हुआ था, जिसमें अरशद वारसी, अनुप्रिया गोयनका, बरुन सोबती, रिद्धि डोगरा, अमेय वाघ, विशेष बंसल और गौरव अरोड़ा जैसे कलाकारों ने काम किया। यह एक ऐसी क्राइम-थ्रिलर है, जो फॉरेंसिक विज्ञान और हिंदू पौराणिक कथाओं का दिलचस्प मेल पेश करती है। कहानी एक शातिर सीरियल किलर, एक फॉरेंसिक एक्सपर्ट और एक सीबीआई अधिकारी के बीच के टकराव के इर्द-गिर्द बुनी गई है। इनका सामना उस शख्स से होता है, जो खुद को 'असुर' मान बैठा है और जिसका दावा है कि उसे प्रकृति से ऐसा वरदान मिला है, जिसकी मदद से वह किसी भी चीज को कुछ ही पलों में सीख सकता है।

'असुर 2' में आगे क्या हुआ?

दूसरा सीजन पहले सीजन की कहानी को आगे बढ़ाता है। इसमें सीरियल किलर शुभ जोशी (विशेष बंसल) खुद को 'कली' के रूप में स्थापित कर 'कलयुग' लाने का दावा करता है। वहीं दूसरी ओर सीबीआई अफसर धनंजय राजपूत (डीजे) और फॉरेंसिक एक्सपर्ट निखिल नायर एआई की मदद से इस खूंखार दानव को किसी बड़े हमले से रोकने में जुट जाते हैं। दोनों सीजन की सबसे बड़ी खूबी यह है कि ये बेहद कसे हुए हैं और हर एपिसोड सस्पेंस तथा रोमांच से लबरेज है।

आईएमडीबी रेटिंग, अवॉर्ड और ओटीटी

आईएमडीबी पर इस सीरीज को 10 में से 8.5 की रेटिंग हासिल है। इसके दोनों सीजन जियो हॉटस्टार पर मौजूद हैं। इतना ही नहीं, आईएमडीबी के अनुसार इस सीरीज ने 26 अवॉर्ड भी अपने नाम किए हैं। इसके लिए अरशद वारसी को भी सम्मान मिल चुका है—साल 2021 में उन्हें 'असुर' के लिए दादासाहेब फाल्के फिल्म फाउंडेशन अवॉर्ड से नवाजा गया था। दोनों सीजन को मिलाकर इस सीरीज में कुल 16 एपिसोड हैं और इसका निर्देशन ओनी सेन ने किया है।

https://www.indiatv.in/entertainment/ott/arshad-warsi-starrer-web-series-asur-got-8-5-rating-on-imdb-vishesh-bansal-shocks-audience-wont-be-able-to-miss-single-one-of-16-episodes-2026-06-14-1225058