शाम के समय अक्सर कुछ चटपटा खाने का मन करता है और ज्यादातर लोग समोसा-चाट की ओर बढ़ जाते हैं। लेकिन अगर आप कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वाद में लाजवाब हो और सेहत के लिहाज से भी भारी न पड़े, तो एक बार रवा से बनने वाला यह ढोकला जरूर आजमाएं। इसका स्वाद इतना अच्छा होता है कि छोले और समोसे की याद ही नहीं रहती। आइए जानते हैं इंस्टेंट रवा ढोकला बनाने का पूरा तरीका।
रवा ढोकला बनाने के लिए जरूरी सामग्री
एक कप मोटा रवा, एक कप दही, आधा कप पानी, एक छोटा चम्मच अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट, आधा चम्मच चीनी, स्वादानुसार नमक, एक छोटा चम्मच भुनी हुई मूंगफली, एक छोटा चम्मच ईनो, चुटकी भर काली मिर्च और थोड़ा लाल मिर्च पाउडर।
रवा ढोकला बनाने की आसान विधि
सबसे पहले बैटर तैयार करें। एक बड़े कटोरे में बराबर मात्रा में मोटा रवा और खट्टा दही डालें। ध्यान रहे, ढोकला के लिए हमेशा मोटा रवा ही लें, क्योंकि बारीक रवा से वैसा टेक्सचर नहीं मिल पाता। दही खट्टा हो तो बेहतर है, इससे बैटर में फर्मेंटेड जैसा स्वाद आ जाता है।
अब इसमें पानी, अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, ईनो, चीनी और नमक मिलाएं। सभी चीजों को अच्छी तरह तब तक फेंटें जब तक एक चिकना बैटर तैयार न हो जाए। इसके बाद इसे ढककर 10-15 मिनट के लिए रख दें।
इस बीच स्टीमर तैयार कर लें। इसमें पानी भरकर ढक दें और गैस पर गर्म होने रख दें। बैटर डालने से पहले स्टीमर को अच्छी तरह प्रीहीट करना जरूरी है, इससे ढोकला सही तरह से फूलता है और उसका टेक्सचर बेहतर बनता है।
अब बैटर को दोबारा जांचें। आप देखेंगे कि यह थोड़ा गाढ़ा हो गया है। इसमें 1 या 2 चम्मच पानी थोड़ा-थोड़ा करके मिलाएं, जब तक यह दोबारा स्मूद और सही गाढ़ेपन का न हो जाए।
स्टीमर की ट्रे को तेल से अच्छी तरह ग्रीस करें। अब इसमें बैटर डालकर एक समान फैला दें और ऊपर से काली मिर्च तथा लाल मिर्च पाउडर बराबर छिड़क दें। ट्रे को पहले से गरम स्टीमर में रखें और 12-15 मिनट तक भाप में पकाएं।
ढोकला पका है या नहीं, यह जांचने के लिए उसमें चाकू डालकर देखें। अगर चाकू साफ बाहर निकले तो समझ लें ढोकला तैयार है। ट्रे को बाहर निकालकर ढोकला को काटने से पहले थोड़ा ठंडा होने दें। इससे यह अच्छी तरह सेट हो जाता है और साफ-सुथरे टुकड़े काटना आसान हो जाता है।
लीजिए, आपका नरम और स्पंजी इंस्टेंट व्हाइट रवा ढोकला तैयार है। इसे हरी धनिया की चटनी के साथ गरमागरम परोसें।
https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/make-instant-rava-dhokla-recipe-for-an-evening-snack-know-how-to-make-it-2026-06-14-1225061