अगर आप अपनी कमाई का कुछ हिस्सा ऐसी जगह लगाना चाहते हैं जहां जोखिम कम हो और रिटर्न भी भरोसेमंद मिले, तो पोस्ट ऑफिस की रिकरिंग डिपॉजिट (आरडी) स्कीम आपके लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकती है। हर महीने थोड़ी-थोड़ी रकम जमा करके इसमें 5 साल में अच्छा-खासा फंड तैयार किया जा सकता है। खास बात यह है कि इस योजना में पूंजी सुरक्षित रहती है और रिटर्न पहले से तय होता है।
क्यों खास है पोस्ट ऑफिस आरडी
यह स्कीम खासकर उन लोगों के लिए फायदेमंद मानी जाती है जो किसी तरह का खतरा उठाए बिना सुरक्षित रिटर्न चाहते हैं। इसमें हर महीने एक निश्चित रकम जमा करनी होती है और यह अवधि आमतौर पर 5 साल की होती है। मैच्योरिटी पर जमा की गई कुल रकम के साथ ब्याज जोड़कर एकमुश्त पैसा हाथ में आता है।
कितना मिलता है ब्याज
गया डाक प्रमंडल के वरीय डाक अधीक्षक अंशुमान के मुताबिक, पोस्ट ऑफिस रिकरिंग डिपॉजिट स्कीम में 5 साल तक हर महीने जमा करने पर सुरक्षित रिटर्न मिलता है। इस दौरान निवेशकों को 6.70 प्रतिशत की दर से ब्याज दिया जाता है।
पूरा कैलकुलेशन समझिए
अगर आप इस स्कीम में हर महीने 1500 रुपये जमा करते हैं, तो 5 साल में आपका कुल निवेश 90 हजार रुपये हो जाता है। इस पर 6.70 प्रतिशत सालाना ब्याज जुड़ने के बाद मैच्योरिटी पर यह रकम बढ़कर करीब 1 लाख 7 हजार रुपये तक पहुंच जाती है।
वहीं, अगर आप हर महीने 1000 रुपये जमा करते हैं, तो 5 साल में कुल निवेश 60 हजार रुपये होता है और ब्याज मिलाकर लगभग 71,000 रुपये का फंड तैयार हो जाता है।
सिर्फ ₹100 से शुरुआत
वरीय डाक अधीक्षक अंशुमान ने बताया कि इस योजना में निवेश की शुरुआत महज 100 रुपये की छोटी राशि से की जा सकती है। इसमें लगाया गया पैसा 5 साल में मैच्योर हो जाता है।
खाता खुलवाना है आसान
रिकरिंग डिपॉजिट स्कीम में खाता खुलवाने की प्रक्रिया बेहद सरल है और इसमें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। आप अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस जाकर आसानी से इस स्कीम में अपना खाता खुलवा सकते हैं।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/tips-and-tricks-post-office-scheme-best-return-fixed-deposit-investment-tips-post-office-recurring-deposit-local18-ws-l-10569302.html