घरेलू शेयर बाजार के लिए बीता सप्ताह काफी उत्साहजनक रहा और इसकी तेजी का सबसे बड़ा लाभ देश की दिग्गज कंपनियों को मिला। बीएसई सेंसेक्स तथा एनएसई निफ्टी में मजबूती के चलते सबसे मूल्यवान टॉप-10 कंपनियों में से 8 का संयुक्त बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैपिटलाइजेशन) करीब ₹1.90 लाख करोड़ बढ़ गया। इस पूरी तेजी में आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों ने सबसे अधिक दमखम दिखाया और मार्केट वैल्यू में बढ़ोतरी के मामले में बाकी सभी कंपनियों को पीछे छोड़ दिया।
बाजार में लौटी तेजी
गत सप्ताह सेंसेक्स 1,284 अंकों से अधिक और निफ्टी 256 अंकों से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद हुआ। वैश्विक तनाव में नरमी की उम्मीद, अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की संभावना तथा विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा उठाए गए कदमों ने निवेशकों के भरोसे को मजबूत किया। रिलिगेयर ब्रोकिंग के रिसर्च प्रमुख अजीत मिश्रा का कहना है कि बेहतर वैश्विक माहौल और घरेलू अर्थव्यवस्था की मजबूती ने बाजार में नई जान फूंक दी है।
आईसीआईसीआई बैंक रहा सबसे बड़ा लाभार्थी
बाजार पूंजीकरण में सबसे ज्यादा इजाफा आईसीआईसीआई बैंक के खाते में आया। बैंक के मार्केट कैप में ₹56,223 करोड़ की वृद्धि हुई और इसका कुल मूल्य बढ़कर लगभग ₹9.61 लाख करोड़ के स्तर पर पहुंच गया। दूसरे स्थान पर एचडीएफसी बैंक रहा, जिसकी मार्केट वैल्यू में ₹38,571 करोड़ का इजाफा हुआ। इसके साथ ही स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ₹36,137 करोड़ की बढ़त दर्ज की।
इन कंपनियों ने भी कमाया मुनाफा
- बजाज फाइनेंस की वैल्यू में ₹18,366 करोड़ की बढ़ोतरी हुई।
- भारती एयरटेल का मार्केट कैप ₹14,380 करोड़ बढ़ा।
- लार्सन एंड टुब्रो (L&T) की वैल्यू ₹13,241 करोड़ ऊपर गई।
- हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) ने ₹10,984 करोड़ जोड़े।
- रिलायंस इंडस्ट्रीज की मार्केट वैल्यू में भी ₹2,097 करोड़ की वृद्धि दर्ज हुई।
टीसीएस और एलआईसी को झेलना पड़ा घाटा
जहां ज्यादातर बड़ी कंपनियों ने इस तेजी का फायदा उठाया, वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और एलआईसी की मार्केट वैल्यू में गिरावट देखने को मिली। टीसीएस का बाजार पूंजीकरण करीब ₹13,296 करोड़ घट गया, जबकि एलआईसी के मूल्य में ₹822 करोड़ की कमी आई।
कौन है देश की सबसे मूल्यवान कंपनी?
ताजा आंकड़ों के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज अब भी भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी के रूप में अपनी जगह बनाए हुए है। इसके बाद क्रमशः एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान है।
https://www.indiatv.in/paisa/market/market-valuation-of-eight-of-the-top-10-most-valued-firms-surged-by-rs-1-90-lakh-crore-last-week-with-icici-bank-stealing-the-show-2026-06-14-1224994