दिल्ली के बाद अब हरियाणा में भी टैक्स फ्री हुई कंगना की 'भारत भाग्य विधाता', CM सैनी ने बताया दमदार कहानी

कंगना रनौत की नई फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' को हरियाणा में टैक्स-फ्री कर दिया गया है। इससे पहले दिल्ली में भी फिल्म को टैक्स-फ्री घोषित किया जा चुका है।

कंगना रनौत की नई फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' इन दिनों चर्चा में बनी हुई है। शुक्रवार, 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में पहुंची यह फिल्म रिलीज के साथ ही सुर्खियों में आ गई है और दर्शकों की ओर से इसे जोरदार प्रतिक्रिया मिल रही है। अब हरियाणा सरकार ने इस फिल्म को राज्य में टैक्स-फ्री घोषित कर दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को चंडीगढ़ में फिल्म निर्माताओं की ओर से रखी गई एक विशेष स्क्रीनिंग में शिरकत की और फिल्म देखी। इसी मौके पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने 'भारत भाग्य विधाता' को प्रेरणादायक और साहस से भरपूर बताते हुए इसे हरियाणा में टैक्स-फ्री करने की घोषणा की।

हरियाणा में टैक्स-फ्री हुई 'भारत भाग्य विधाता'

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसकी जमकर सराहना की। फिल्म के संदेश की तारीफ करते हुए उन्होंने इसे साहस, करुणा, कर्तव्य और इंसानियत से जुड़ी एक मजबूत कहानी करार दिया। स्क्रीनिंग के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सीएम सैनी ने कहा, "मैंने यह फिल्म देखी और बस इतना कहना चाहूंगा कि ऐसी प्रेरणादायक फिल्में, जो हमें प्रेरित करती हैं, हम सभी को देखनी चाहिए। हम इसे हरियाणा में 'टैक्स-फ्री' घोषित करेंगे क्योंकि यह हमें प्रेरित करती है और अपने कर्तव्यों का अहसास कराती है।"

दिल्ली में भी पहले हो चुकी है टैक्स-फ्री

इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी कंगना रनौत की इस नई फिल्म की सराहना कर चुकी हैं। उन्होंने फिल्म में कंगना के अभिनय की भी जमकर तारीफ की और इस बारे में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी साझा की। अपने X पोस्ट में सीएम रेखा गुप्ता ने लिखा, 'कंगना रनौत जी की दमदार परफॉर्मेंस फिल्म की भावनाओं और संदेश को बहुत अच्छे से पहुंचाती है। ऐसी फिल्में समाज में सेवा, संवेदनशीलता और कर्तव्य की भावना को मजबूत करती हैं। पूरी टीम को दिल से शुभकामनाएं।'

क्या है 'भारत भाग्य विधाता' की कहानी?

मनोज तापड़िया द्वारा लिखी और निर्देशित 'भारत भाग्य विधाता' की कहानी 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह कहानी कामा अस्पताल और वहां की नर्सों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्होंने आतंकी हमले के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर 400 से ज्यादा मरीजों की रक्षा की थी।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/haryana-cm-declares-kangana-ranaut-bharat-bhhagya-viddhaata-tax-free-in-state-after-delhi-says-should-be-watched-by-all-of-us-2026-06-14-1225002