सेहतमंद और फिट रहने के लिए बहुत से लोग सुबह के नाश्ते में उबला अंडा या ऑमलेट खाना पसंद करते हैं। अंडा तो आसानी से उबल जाता है, लेकिन ऑमलेट बनाते समय अक्सर वह पैन में चिपक जाता है और कई टुकड़ों में बंट जाता है। दिक्कत तब और बढ़ जाती है जब नॉन स्टिक पैन पर भी ऑमलेट चिपकने लगे। अगर आपके साथ भी यही होता है, तो मास्टर शेफ पंकज भदौरिया के बताए कुछ आसान नुस्खे आपके बहुत काम आ सकते हैं। इन तरीकों से ऑमलेट पैन पर चिपकने से बच जाता है और एकदम फ्लफी बनता है।
आंच को धीमा रखें
ऑमलेट को चिपकने से बचाने के लिए गैस का सही तापमान बेहद जरूरी है। तेज आंच पर ऑमलेट तुरंत चिपक सकता है, इसलिए अंडे को फेंटने के बाद जब उसे पैन में डालें तो आंच को धीमा कर दें। धीमी आंच पर ऑमलेट बिना जले अंदर तक अच्छी तरह पकता है और पैन से चिपकता नहीं।
पैन पर हल्का नमक छिड़कें
ऑमलेट बनाने से पहले पैन पर थोड़ा सा नमक छिड़क दें। नमक अंडे को पैन में चिपकने से रोकता है। इस छोटी सी ट्रिक से ऑमलेट आसानी से पैन से अलग हो जाता है और साथ ही फ्लफी व मुलायम भी बनता है।
ऑमलेट को ढककर पकाएं
एक और कारगर तरीका है ऑमलेट को ढककर पकाना। अंडे को अच्छी तरह फेंटकर पैन पर डालें, फिर आंच धीमी करके उसे ढक दें। धीमी आंच पर ढककर पकाने से भाप बनती है, जिससे ऑमलेट अच्छी तरह फूलता है। यही वजह है कि वह पैन पर चिपकता नहीं, स्पंजी बनता है और बिना टूटे आसानी से पैन से अलग हो जाता है।
अंडे को अच्छी तरह फेंटें
अगर आपका ऑमलेट फ्लफी नहीं बन पा रहा, तो हो सकता है कि आप अंडे को ठीक से नहीं फेंट रहे हों। अंडे को फ्लफी और मोटा बनाने के लिए सबसे पहले उसे अच्छी तरह फेंटें। इससे उसके अंदर की हवा आसानी से बाहर निकल जाती है और उसमें मौजूद जर्दी व सफेद हिस्सा एकसार हो जाते हैं।
https://www.indiatv.in/lifestyle/features/if-omelet-sticks-to-the-pan-while-cooking-try-these-tips-to-make-it-perfectly-fluffy-2026-06-14-1225011