वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप: एजबेस्टन में आज भारत-पाकिस्तान आमने-सामने, शाम 7 बजे होगा आगाज

आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर भिड़ेंगी। भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों का टूर्नामेंट में पहला मैच है।

IND vs PAK Live Score: आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का छठा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच बर्मिंघम स्थित एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समय के मुताबिक यह भिड़ंत शाम 7 बजे से शुरू होगी। ग्रुप ए के इस दूसरे मैच में उतर रही दोनों ही टीमों के लिए यह टूर्नामेंट का शुरुआती मुकाबला है, इसलिए दोनों ही खेमे जीत के साथ अभियान की शुरुआत करना चाहेंगे। इस रोमांचक मैच की हिंदी कॉमेंट्री आप नीचे पढ़ सकते हैं।

हेड टू हेड में भारत का दबदबा

वुमेंस टी20 इंटरनेशनल में आमने-सामने के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो भारतीय टीम का पलड़ा साफ तौर पर भारी दिखता है। दोनों देशों के बीच अब तक कुल 16 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले हो चुके हैं, जिनमें भारत ने 13 में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ तीन मैच ही अपने नाम कर पाया है। भारत आज भी इसी वर्चस्व को कायम रखना चाहेगा, लेकिन उसे सतर्क रहने की जरूरत भी है। दरअसल, पाकिस्तान को भारत के खिलाफ मिली तीन में से दो जीतें टी20 वर्ल्ड कप के दौरान ही हासिल हुई हैं।

मजबूत नजर आ रही टीम इंडिया

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम इस बार बेहद संतुलित और मजबूत दिख रही है। टीम में अनुभव और तेज रन बनाने वाले खिलाड़ियों का बेहतरीन मेल मौजूद है। पारी की शुरुआत में ही स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा जैसी बल्लेबाज मैच का रुख भारत की ओर मोड़ने की क्षमता रखती हैं। गेंदबाजी विभाग भी कमजोर नहीं है। इंग्लैंड की पिचों पर रेणुका सिंह की स्विंग और दीप्ति शर्मा की सटीक लाइन-लेंथ विरोधी बल्लेबाजों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती हैं।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड

भारतीय महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्ज, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया, दीप्ति शर्मा, श्रेयांका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी।

पाकिस्तान महिला टीम: फातिमा सना शेख (कप्तान), आयशा जफर, अयमान फातिमा, इरम जावेद, मुनीबा अली सिद्दीकी, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, सायरा जबीन, डायना बेग, गुल फिरोजा, नशरा संधू, रामीन शमीम, सादिया इकबाल, तस्मिया रुबाब, तूबा हसन।

https://www.indiatv.in/sports/cricket/ind-w-vs-pak-w-icc-t20-world-cup-2026-live-cricket-score-india-vs-pakistan-women-match-updates-edgbaston-birmingham-1225039