उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का एक बेहद दिलचस्प बयान सामने आया है। रविवार को ऊधमसिंह नगर में आयोजित एक सांगठनिक कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने भाजपा के शक्ति केंद्रों की तुलना विज्ञान के एटम यानी परमाणु और परमाणु बम से कर दी। कार्यकर्ताओं को संगठन की ताकत का अहसास कराने के लिए उन्होंने बाकायदा विज्ञान का उदाहरण रखा और बताया कि कैसे छोटी-छोटी इकाइयां मिलकर एक बहुत बड़ी शक्ति खड़ी कर सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की सफलता पूरी तरह उसके 'शक्ति केंद्रों' की सक्रियता और उनके काम करने के तरीके पर निर्भर करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा में शक्ति केंद्र महज कोई कागजी या सांगठनिक इकाई नहीं है, बल्कि यह पार्टी की विचारधारा, उसकी गतिविधियों और जनता से सीधा संपर्क बनाने का सबसे मजबूत और असरदार माध्यम है।
इलेक्ट्रॉन, न्यूट्रॉन और प्रोटॉन से समझाया संगठन का गणित
अपनी बात को और स्पष्ट करने के लिए मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के सामने एक वैज्ञानिक उदाहरण पेश किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान में हम सब इलेक्ट्रॉन, न्यूट्रॉन और प्रोटॉन की बात करते हैं, जिनसे मिलकर एक एटम यानी परमाणु बनता है। ये कण इतने बारीक और छोटे होते हैं कि उन्हें खुली आंखों से देखना नामुमकिन है और सिर्फ बहुत हाई पावर वाले माइक्रोस्कोप से ही देखा जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा, "सोचने वाली बात यह है कि इतने छोटे दिखने वाले कणों के भीतर कितनी विशाल और असीमित ऊर्जा छिपी होती है। इसी ऊर्जा से परमाणु का निर्माण होता है।"
परमाणु बम के खतरे का जिक्र
सीएम धामी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए परमाणु बम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक छोटे से परमाणु के भीतर कितनी ताकत होती है, यह किसी को अलग से समझाने की जरूरत नहीं है।
"आज अगर पूरी दुनिया की तरक्की और विकास कहीं ठप पड़ा है, तो उसकी सबसे बड़ी वजह क्या है? वह है न्यूक्लियर बम यानी परमाणु बम का खतरा। दुनिया में आज इस बात का डर सबसे ज्यादा है कि कहीं कोई परमाणु हथियार न चला दे। यानी उन छोटे-छोटे कणों से बना परमाणु आज पूरी दुनिया को प्रभावित करने की क्षमता रखता है।"
'न्यूक्लियर पावर प्लांट' की तरह काम करता है शक्ति केंद्र
विज्ञान और दुनिया के इस समीकरण को भाजपा के संगठन से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ठीक इसी तरह भाजपा का शक्ति केंद्र मॉडल किसी न्यूक्लियर पावर प्लांट की तरह काम करता है। यह पूरी व्यवस्था सिर्फ भाजपा के पास है, जहां जमीनी स्तर पर काम करने वाला एक-एक छोटा कार्यकर्ता उस अदृश्य कण की तरह है, जिसके भीतर संगठन को असीमित ऊर्जा और मजबूती देने की ताकत छिपी होती है।
उन्होंने कहा कि जब ये सभी मिलकर काम करते हैं, तो पार्टी एक महाशक्ति के रूप में सामने आती है। सोशल मीडिया पर सीएम धामी के इस अनोखे बयान की अब खूब चर्चा हो रही है।
https://hindi.news18.com/news/uttarakhand/udham-singh-nagar-cm-dhami-big-statement-bjp-shakti-kendra-compared-to-nuclear-bomb-local18-10569841.html