नकली बीज के कारोबार और कथित भ्रष्टाचार से जुड़े इस हाई प्रोफाइल मामले ने बीकानेर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का ध्यान खींचा है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने इस प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी के हाथ कई अहम जानकारियां लगी हैं, जिनके आधार पर अब आगे की पड़ताल को विस्तार दिया जा रहा है।
छह आरोपी न्यायिक हिरासत में
इस मामले में जुगलकिशोर विश्नोई समेत कुल छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपियों से पूछताछ के बाद एजेंसी को कई ऐसे तथ्य मिले हैं, जो प्रकरण की परतें खोलने में मददगार साबित हो रहे हैं।
दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड की गहन जांच
एसीबी फिलहाल मामले से जुड़े दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की बारीकी से छानबीन कर रही है। जांच में अब तक 2.45 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की जा चुकी है। अधिकारियों के अनुसार, प्रकरण से जुड़े कई तथ्यों की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है, ताकि सबूतों को मजबूती से अदालत में पेश किया जा सके।
पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
जांच एजेंसी अब इस पूरे रैकेट से जुड़ी हर कड़ी को आपस में जोड़ने में जुटी है, ताकि नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। इस पूरे प्रकरण पर किसानों के साथ-साथ प्रदेशभर के लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/bikaner-fake-seed-and-alleged-bribery-case-six-accused-sent-to-judicial-custody-acb-probe-expands-ws-l-10569249.html