टीवी के पॉपुलर कपल जैस्मिन भसीन और अली गोनी से अक्सर एक ही सवाल पूछा जाता है कि वे शादी कब करेंगे। यह सवाल उनके लिए अब आम बात बन चुका है। दोनों ने एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझने और रिश्ते को और पुख्ता बनाने के मकसद से साथ रहने का फैसला किया था। लंबे समय से लिव-इन में रहने को लेकर सोशल मीडिया पर दोनों की काफी चर्चा भी होती रही है।
हर इंटरव्यू और पॉडकास्ट में जब उनसे शादी से जुड़े सवाल किए जाते हैं तो उन्होंने कभी इसका दो-टूक जवाब नहीं दिया। शादी का फैसला लेने से पहले दोनों ने एक-दूसरे को थोड़ा और वक्त देने का मन बनाया। हालांकि अब जैस्मिन ने यह जरूर माना है कि अली के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने से उनका रिश्ता पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुआ है। एक्ट्रेस ने इस दौरान साथ रहने के कई फायदे भी गिनाए।
लिव-इन ने अली और जैस्मिन को दिया फायदा
एक इंटरव्यू में जैस्मिन भसीन ने अली गोनी के साथ अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि रोजाना शादी के सवालों का सामना करना उनके लिए नई बात नहीं है। रिश्ते में आगे बढ़ने से पहले एक-दूसरे को अच्छी तरह समझने के लिए दोनों ने साथ रहने का रास्ता चुना। जैस्मिन के मुताबिक अली के साथ उनकी बॉन्डिंग और भी गहरी हो गई है।
हमने कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट किया और अब एक साल से ज्यादा समय से हम लिव-इन में रह रहे हैं। यह कदम हमने इसलिए उठाया क्योंकि इससे हमें एक-दूसरे को समझने और रिश्ते में सहज होने का मौका मिला। हमारे लिए अपनी आपसी समझ, तालमेल और केमिस्ट्री को जानना बेहद जरूरी है।
बॉन्डिंग पर जैस्मिन की बड़ी बात
एक्ट्रेस ने बताया कि अली के साथ उनका रिश्ता बहुत अच्छे से चल रहा है। दोनों खुश हैं, एक-दूसरे को समझते हैं और उनका रिश्ता पहले के मुकाबले काफी मजबूत हो चुका है। जैस्मिन ने यह भी कहा कि इस वक्त वह और अली अपने इस समय का भरपूर आनंद ले रहे हैं।
जैस्मिन ने यह भी साझा किया कि उनके माता-पिता को इस रिश्ते को स्वीकार करने में समय लगा। इसकी वजह यह थी कि वह और अली अलग-अलग धर्म से ताल्लुक रखते हैं।
वर्क फ्रंट पर कहां हैं जैस्मिन
इन दिनों जैस्मिन भसीन 'खतरों के खिलाड़ी 18' की शूटिंग में व्यस्त हैं। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने इस शो को लेकर अपने दोस्तों से ज्यादा बातचीत नहीं की, क्योंकि वे उन्हें डरा देते। उन्होंने अपने पुराने अनुभव को याद करते हुए कहा कि जब उन्होंने पहली बार यह शो किया था, तब पूरे जोश के साथ इसके लिए हामी भरी थी। कई वर्षों तक डेली टीवी सोप्स में काम करने के बाद जैस्मिन ने फिक्शन टीवी शो से फिलहाल दूरी बना ली है।
https://www.indiatv.in/entertainment/tv/jasmin-bhasin-reveal-staying-in-live-in-relation-with-aly-goni-strengthened-their-bond-2026-06-14-1224950