सुशांत सिंह राजपूत की छठी पुण्यतिथि पर बहन श्वेता का भावुक संदेश, साझा कीं भाई की तस्वीरें

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की छठी पुण्यतिथि पर बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट लिखकर भाई की यादों और उनके मूल्यों को याद किया। उन्होंने भाई की कई तस्वीरें भी साझा कीं।

आज से ठीक छह साल पहले अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनके असमय जाने की खबर ने न सिर्फ फिल्म जगत बल्कि पूरे देश को हिला कर रख दिया था। वह अपने मुंबई स्थित अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। उनके निधन को आज पूरे 6 साल हो चुके हैं, यानी आज उनकी छठी पुण्यतिथि है। इस मौके पर उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने भाई की याद में एक भावुक पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट में श्वेता ने अपने भाई की जिंदगी, उनके स्वभाव और लोगों के दिलों पर छोड़ी गई उनकी अमिट छाप का जिक्र किया और बताया कि लोग उनके भाई को कितना चाहते थे। साथ ही उन्होंने इंस्टाग्राम पर सुशांत की कई तस्वीरें भी साझा कीं और यह भी बताया कि इतने वर्ष बीत जाने के बाद भी उनका भाई आज भी लोगों के दिलों में क्यों बसा हुआ है।

भाई की याद में श्वेता की भावुक पोस्ट

सुशांत की छठी पुण्यतिथि पर भाई को याद करते हुए श्वेता सिंह कीर्ति ने अपनी पोस्ट में लिखा- 'छह साल... इतना वक्त गुजर गया, मगर कुछ लोग समय से भी बड़े हो जाते हैं। अब जब भी मैं भाई के बारे में सोचती हूं, तो यह नहीं सोचती कि वह कैसे चला गया, बल्कि यह सोचती हूं कि उसने अपनी जिंदगी कैसे जी। मुझे उसकी बच्चों जैसी जिज्ञासा याद आती है, जिंदगी, सितारों, ब्रह्मांड और इंसानी मन के रहस्यों के प्रति उसकी गहरी रुचि याद आती है। उसके बारे में सोचती हूं तो वह दिल याद आता है, जो हर किसी के साथ सम्मान से पेश आता था, चाहे वह कोई भी हो। मुझे वह इंसान याद आता है, जिसने हमें दया का भाव सिखाया और बताया कि अगर सफलता के साथ दया न हो तो सफलता का कोई अर्थ नहीं रह जाता।'

प्यार समय के बंधनों को नहीं मानता

श्वेता ने आगे लिखा- 'इन वर्षों में मैंने एक खूबसूरत बात महसूस की है, और वह यह कि प्यार समय के नियमों को नहीं मानता। शरीर भले ही हमारी आंखों से ओझल हो जाए, लेकिन एक खूबसूरत आत्मा का असर अनगिनत जिंदगियों पर हमेशा बना रहता है। हर बार जब कोई गुस्से के बजाय दया, अज्ञानता के बजाय सीखना, निराशा के बजाय उम्मीद, या किसी को परखने के बजाय प्यार को चुनता है, तो जिन मूल्यों के लिए 'भाई' खड़े थे, उनका एक छोटा सा हिस्सा फिर से जीवंत हो उठता है।'

'जिज्ञासु बनें, दयालु बनें और सपने देखें'

अपनी बात को समेटते हुए श्वेता ने लिखा- 'भाई को दी जाने वाली सबसे बड़ी श्रद्धांजलि उदासी नहीं, बल्कि उन मूल्यों को अपनाना है जिनके लिए वह खड़े थे। जिज्ञासु बनें, दयालु बनें और सीखते रहें। निडर होकर सपने देखें और उन्हें पूरा करने का प्रयास करें। दुनिया को खुद पर इतना अधिकार न दें कि वह आपका दिल कठोर बना दे। किसी जिंदगी को जीने का असली पैमाना यह नहीं कि वह कितनी लंबी रही, बल्कि यह है कि उसने कितने दिलों को छुआ। और इस पैमाने पर भाई आज भी जीवित है। तुम हमेशा लाखों लोगों को प्रेरित करते रहोगे भाई। तुम्हें हमेशा प्यार मिलेगा और हमेशा याद किया जाएगा।'

14 जून 2020 को हुआ था निधन

गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को मुंबई में अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे, उस समय उनकी उम्र 34 साल थी। उनके निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री में काफी उथल-पुथल मची थी। अपने अभिनय करियर में सुशांत ने कई हिट फिल्में दीं। 'दिल बेचारा', 'छिछोरे', 'काई पो चे', 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' और 'डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी' जैसी फिल्मों के लिए उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरीं। उनकी आखिरी फिल्म 'दिल बेचारा' (2020) थी, जिसे कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने निर्देशित किया था। इस फिल्म में संजना सांघी ने भी अहम भूमिका निभाई थी। यह फिल्म अभिनेता के निधन के बाद ओटीटी पर रिलीज हुई थी।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/sushant-singh-rajput-sister-shweta-remembers-him-on-sixth-death-anniversary-shares-photo-as-lord-rama-2026-06-14-1224975